भित्त चित्र बनाने की हुई शुरुआत

ALLAHABAD: अगले कुछ दिनों बाद इलाहाबाद जंक्शन की दीवारों पर संगम नगरी की झलक दिखेगी। इस पर भित्त चित्र उभारे जा रहे हैं। मकसद है कि इलाहाबाद से जुड़े पर्यटक और ऐतिहासिक स्थलों से लोगों को परिचित कराना।

पिछले दिनों अलीगढ़ स्टेशन पर म्यूरल पेंटिंग हुई थी। उस पेंटिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आकर्षित किया। उन्होंने इसकी सराहना मन की बात कार्यक्रम में भी की। इसके बाद इलाहाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन में भी वैसा ही करने का फैसला लिया गया। अलीगढ़ स्टेशन पर पशु पक्षियों और ट्रेन में यात्रा संबंधित चित्र उभारे गए हैं। संगम नगरी में इससे इतर करने की योजना है। डीआरएम संजय कुमार पंकज ने बताया कि यह ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी है। हर साल लाखों पर्यटक आते हैं। इलाहाबाद स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही उन्हें धार्मिक नगरी में आने का एहसास हो, इसलिए दीवारों पर तमाम चित्र उकेरे जाएंगे। संगम, आनंद भवन, अक्षय वट, खुसरो बाग, तारा मंडल, चंद्रशेखर आजाद पार्क, हाईकोर्ट, बंधवा हनुमान मंदिर, भारद्वाज आश्रम आदि के चित्र उकेरने की योजना है। मुख्य गेट पर टाइल्स में संगम का बड़ा चित्र उकेरा जाएगा। अंदरूनी दीवारों में पर्यटक स्थलों के अलावा सुगम रेल यात्रा, बेटी बचाओ सहित कई अन्य प्रसंगों के चित्र भी उकेरे जाएंगे। ट्रायल के तौर पर म्यूरल पेंटिंग की शुरुआत करा दी गई है। नैनी स्थित शियाट्स में गेस्ट लेक्चरर राजेंद्र भारतीय व मोहम्मद कासिम फारुकी के नेतृत्व में बीएफए छात्र अरविंद कुमार, अजीत कुमार जंक्शन पर भित्त चित्र उकेरने में लगे हैं। इन लोगों से ही पूरे परिसर में पेंटिंग कराई जाएगी।