-शहर में तमाम संगठनों ने किया पौधरोपण

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: स्वस्थ जीवन के लिए अच्छा पर्यावरण बहुत जरूरी है। ऐसे में जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सभी को कदम बढ़ना पड़ेगा। शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों ने पौधरोपण करके सभी को यह संदेश दिया। इस मौके पर एडीजी प्रेमप्रकाश ने भी डीएम प्रयागराज भानुचंद्र गोस्वामी की मौजूदगी में पौधरोपण किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी और सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी पौधरोपण हुआ।

स्कूलों में पेंटिंग प्रतियोगिता

व‌र्ल्ड एन्वॉयरमेंट डे के मौके पर स्कूलों में भी कई आयोजन हुए। सेंट जोसेफ कॉलेज की ओर से पौधरोपण का आयोजन हुआ। चीफ गेस्ट रेव्ह फादर स्टेफन मनोज डीसूजा ने पौधरोपण किया। इस दौरान प्रिंसिपल फादर थॉमस कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। एमपीवीएम की ओर से भी पेंटिंग बनाकर लोगों को संदेश दिया गया। महर्षि विद्या मंदिर नैनी की ओर से भी पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से भी आयोजन किया गया है। रेलवे में जीएम एनसीआर ने भी पौधरोपण करके लोगों को संदेश दिया।

एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

सीएससी ई-गवर्नेस इंडिया लिमिटेड उप्र की ओर से एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया और इसका शुभांरभ शुक्रवार से किया गया। इस मौके पर जिला प्रबंधक आशीष तिवारी और शैलेंद्र सिंह ने सांसद केशरी देवी और पूर्व विधायक दीपक पटेल को प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट किया। इस दौरान 250 सीएससी संचालकों ने 1300 पौधे लगाकर अभियान शुरुआत की है।

पौधे लगाने के बाद बायकाट का संदेश

व‌र्ल्ड एन्वायरमेंट डे के साथ शुक्रवार को उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन होने के उपलक्ष्य पर भाजपा भारद्वाज मंडल की ओर से बालसन चौराहे पर 49 पौधे रोपित किए गए। साथ ही भाजपाइयों ने चीनी उत्पाद बायकाट का नारा भी लगाया। भाजपा नेता डॉ। एलएस ओझा ने बताया कि बालसन चौराहे पर चारों ओर पोस्टर और बैनर लगाकर लोगों को इस बारे में संदेश भी दिया गया है। इसी क्रम में शेखर मदर टेरेसा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही महिलाओं में होने वाली बीमारियों के रोकथाम के लिए सैनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।