-लॉकडाउन में जारी है ओम नम: शिवाय की ओर से असहायों को भोजन खिलाने का क्रम

PRAYAGRAJ: ओम नम: शिवाय संस्था प्रयागराज की तरफ से लगातार लोगों को भोजन मुहैया कराया जा रहा है। कोरोना महामारी के इस कठिन समय में पहले लॉकडाउन से लेकर अभी तक लगातार लोगों को भोजन की सेवा दी जा रही है। संस्था की ओर से चार शहरों प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या में प्रतिदिन असहायों को दोनों समय भोजन खिलाने का क्रम जारी है। इसके साथ ही घरों को लौट रहे मजदूरों के लिए भी इन चार शहरों में अलग से खाना और बच्चों के लिए दूध-पानी का इंतजाम किया जा रहा है।

टोल फ्री नंबर भी जारी

प्रयागराज के लाखों जरूरतमंद लोगों को जहा आज भी दिन-रात खाना खिलाया जाता है। वहीं दूसरे प्रदेश से आने वाले मजदूरों और उनके परिजनों को नैनी पुल, फाफामऊ पुल ,शास्त्री पुल और प्रयागराज के बॉर्डर चाकघाट पर भोजन कराया जा रहा है। गुरुदेव ने बताया कि मानव जीवन प्रभु की कृपा से मिला है। इसे जनकल्याण के लिए समर्पित करना और असहाय व भूखे लोगों को भोजन कराने से बड़ी पूजा कोई नहीं है। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से खाने में दाल-चावल, चावल-कढ़ी, पूड़ी-सब्जी और तहरी दी जा रही है। साथ ही चारों जिलों में जरूरतमंद के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। लोग फोन करके अपना पता और परिवार के लोगों की संख्या बताकर किसी भी समय खाना मंगवा सकते हैं। गुरुदेव ने अन्नक्षेत्र चलाने में सहयोग के लिए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि चारों स्थानों पर लॉकडाउन जारी रहने तक अन्नक्षेत्र चलता रहेगा।