04 टास्क फोर्स बनाई गई है

06 दिनों से चल रहा अभियान

10 से ज्यादा जगह ढहाए कब्जे

00 भूमाफिया शिकंजे में

-लाखों की जमीन खरीदने के बावजूद पब्लिक दर-दर भटकने को मजबूर

prayagaraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: इल्लीगल प्लाटिंग के खिलाफ चल रहे अभियान ने हजारों लोगों को आशंकाओं से भर दिया है। प्रशासन की इस मुहिम के बाद उन तमाम लोगों की सांसें टंगी हुई हैं, जिन्होंने इल्लीगल प्लॉटर्स से प्लॉट लिया हुआ है। गौरतलब है कि रेरा में रजिस्ट्रेशन और पीडीए से नक्शा पास कराए बिना सिटी में बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग हुई है। प्रशासन की मुहिम के चलते कई लोगों के सपनों के घर पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

छह दिनों में ढहाए गए कई आशियाने

एक-एक पाई जोड़कर लोगों ने अपना घर बनाने का इंतजाम किया था। सिटी में डिफरेंट लोकेशंस पर प्लॉटिंग से उन्होंने प्लॉट खरीदे थे। सपना था कि इस प्लॉट पर घर बनाकर खुद को सेटल कर लेंगे। लेकिन अचानक से इल्लीगल प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन की मुहिम ने तमाम लोगों के सपनों पर वज्रपात सा कर दिया है। छह दिन के अभियान में टास्क फोर्स द्वारा जबर्दस्त कार्रवाई करते हुए कई आशियानों को ढहाया गया है। कई प्लॉट्स पर हो रहे निर्माण को ध्वस्त किया गया है।

भू-माफियाओं पर नो एक्शन

जिलाधिकारी के आदेश पर गठित टास्क फोर्स की चार टीमों ने कई बीघा एरिया में हो रही इल्लीगल प्लाटिंग को रोका है। कईयों का आशियाना ढहाया है। काफी एरिया को इंक्रोचमेंट फ्री भी कराया गया है। लेकिन एक भी भू-माफिया की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अभियान के पहले दिन यानी 26 नवंबर को टास्क फोर्स टीम ने बदरा सोनौटी में एक हाउसिंग गु्रप द्वारा काटे गए 800 प्लाट पर हाथ मारा। जिनमें 200 प्लॉट को बेचा जा चुका है। हाउसिंग ग्रुप के खिलाफ जांच चल रही है। वहीं जिन लोगों ने जमीन खरीदी है, उनकी धड़कन बढ़ी हुई है। वजह, अगर एडमिनिस्ट्रेशन ने कार्रवाई की तो उनकी जमीन जा सकती है। 29 नवंबर को पीडीए की टीम ने कसारी-मसारी में 25 बीघा एरिया में हो रही प्लाटिंग को बंद कराया। वहीं अवैध प्लॉट पर निर्माणाधीन चार भवन भी सील कर दिए।

टास्क फोर्स टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई में जो भी जमीन कब्जे में ली जा रही है, वह रजिस्ट्री कराने वाले को मिल सकती है, लेकिन लोगों को नक्शा पास कराना होगा। साथ ही डेवलपमेंट चार्ज भी देना होगा। वहीं प्लॉटिंग कर रहे व्यक्ति से भी डेवलपमेंट चार्ज लिया जाएगा। उसे ले-आउट पास कराना होगा।

-आलोक कुमार पांडेय

जोनल अधिकारी

पीडीए