PRAYAGRAJ: ग्लोबल कॉलेज लखनऊ में आयोजित प्रथम फिट इंडिया ओपन स्टेट प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल की शारीरिक शिक्षिका स्वाति सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण एवं एक रजत सहित तीन पदक जीता। प्रतियोगिता में स्वाति ने जहां 400 मीटर दौड़ और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीता, वही लंबी कूद में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। स्वाति सिंह राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेटर रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। इन दिनों स्वाति सिंह डीपीएस में चलने वाली आशीष नेहरा क्रिकेट एकेडमी में सहायक क्रिकेट कोच का दायित्व निभा रही हैं। स्वाति के इस प्रदर्शन पर डीपीएस की प्रबंधक सोनू सिंह, प्रधानाचार्या डॉ। सुजाता सिंह ने बधाई दी है।

आयुषी के चयन पर जताया हर्ष

कानपुर के कमला क्लब में आयोजित उत्तर प्रदेश अंडर-16 महिला क्रिकेट टीम के कैंप में दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा आयुषी सेंगर का चयन किये जाने पर स्कूल के पदाधिकारियों ने खुशी का इजहार किया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ। सुजाता सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि डीपीएस में कक्षा दस में पढ़ने वाली आयुषी यहीं पर आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। मम्फोर्डगंज निवासी आयुषी मध्यम तेज गति की गेंदबाज हैं। आयुषी के चयन पर विद्यालय की अध्यक्ष सोनू सिंह, प्रधानाचार्या डॉ। सुजाता सिंह, कोच एनएस नेगी, स्वाति सिंह, रोहित मेहरा, शिवराम सिंह ने हर्ष जताया है।