-उसके साथ रही राजापुर की किशोरी को दारागंज और जल पुलिस ने डूबने से बचाया

PRAYAGRAJ: संगम में स्नान करते वक्त डूबने से अर्पित गुप्ता (16) की मौत हो गई। जबकि उसके साथ रही किशोरी को बचाने में स्थानीय नाविक व पुलिस कामयाब रही। पहचान के बाद पुलिस द्वारा सूचना दोनों के घर दी गई। जानकारी होते ही दोनों के परिजन संगम पहुंचे। वहां किशोर का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जबकि किशोरी को लेकर परिजन घर लौट गए।

मम्फोर्डगंज का निवासी था किशोर

मम्फोर्डगंज के फव्वारा चौराहा निवासी मनोज गुप्ता का बेटा अर्पित बीएचएस में इंटर का छात्र है। मनोज इलेक्ट्रानिक पार्ट का व्यापार करते हैं। बताते हैं कि अर्पित बुधवार करीब चार बजे राजापुर की एक किशोरी के साथ संगम गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों संगम तट पर काफी देर टहलते रहे। अचानक संगम में स्नान करने लगे। घाट पर स्नान के लिए जल पुलिस द्वारा सीमा निर्धारित की गई है। नहाते हुए दोनों बैरिकेडिंग को पार कर गए और डूबने लगे। यह देख वहां मौजूद नाविक शोर मचाते हुए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही दारागंज इंस्पेक्टर जल पुलिस के साथ जा पहुंचे नाविकों की मदद से किशोरी को बचाने में पुलिस कामयाब रही। तब तक अर्पित डूब चुका था। काफी तलाश के बाद संगम में अर्पित की बॉडी बरामद हुई।

दोनों संगम घूमने आए थे। स्नान करते वक्त डूबने लगे। किशोरी को बचा लिया गया। लेकिन किशोर की डूबने से मौत हो गई। बॉडी बरामद कर घर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।

-राजेश्वर सिंह, इंस्पेक्टर दारागंज