-नैनी औद्योगिक क्षेत्र में सिरकटा शव मिलने से सनसनी, प्राइवेट पार्ट भी गायब

-पुलिस आशनाई तो परिवार वाले जमीनी विवाद में जता रहे किशोर की हत्या की आशंका

PRAYAGRAJ: मौके पर सिर्फ धड़ पड़ा हुआ था। सिर का दूर-दूर तक कहीं पता नहीं था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला कि हत्यारों ने किशोर का प्राइवेट पार्ट भी काट दिया था। यह वाकया है नैनी स्थित औद्योगिक नगर का। यहां मसिका गांव के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास रविवार सुबह सिरकटा शव देख सनसनी फैल गई। शौच गए लोग सिर कटे शव को देख सहम गए।

खबर फैली तो आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम छानबीन की। युवक की पहचान राहुल कुमार बिन्द (17) के रूप में हुई। काफी खोजने के बावजूद उसका सिर व गुप्तांग नहीं मिला। इस नृशंस हत्या का कारण पुलिस आशनाई मान रही है। देर शाम उसकी बाइक गंगा किनारे बरामद की गई। उसके दोनों मोबाइल को पुलिस ने सर्विलांस पर लगा दिया है।

घूरपुर नीबी ननिहाल में रहता था

मदनलाल बिन्द झूंसी स्थित केवटान वार्ड 16 के निवासी हैं। करीब 10 साल पूर्व उनकी शादी घूरपुर एरिया के नीबी तुलका गांव की बिटोला से हुई थी। उसके ससुर के कोई लड़का नहीं था। पत्नी दो बहन है। शादी बाद बिटोला ने बेटे राहुल कुमार बिन्द को जन्म दिया। कुछ साल से बेटे राहुल ननिहाल व पत्नी के साथ मदनलाल ससुराल नीबी में रहता था। बताते हैं कि उसके ससुर ने सबसे ज्यादा सम्पत्ति बिटोला को ही दी थी। ननिहाल में रहकर राहुल खेतीबाड़ी का काम देखा करता था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह घर में यह बताकर निकला कि खेत की तरफ से थोड़ी देर में लौट रहा है। देर रात तक वह नहीं लौटा तो सभी उसकी तलाश में जुट गए। रात काफी हो गई तो मदन लाल ने खबर पुलिस को दी।

कपड़े और कड़ा से की पहचान

परिजन व पुलिस राहुल की तलाश में थे। रविवार सुबह जब अननोन डेडबॉडी मिलने की खबर मिली तो घूरपुर पुलिस ने मदनलाल को यह कहते हुए मसिका गांव भेजा कि वहां मिले शव को भी वे देख लें। परिजनों के साथ मदनलाल मसिका गांव के पास घटनास्थल पर पहुंचा। यहां सिर कटे शव के कपड़े व हाथ का कड़ा देख मदन लाल ने उसकी पहचान बेटे राहुल के रूप में करते हुए चीख पड़ा। राहुल के सिर कटे शव को देख पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने किया हंगामा

शव की पहचान के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई। जांच में जुटी पुलिस ने देखा तो राहुल का गुप्तांग भी कटा हुआ था। सिर के बाद गुप्तांग कटे होने की खबर मिलते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे एसएसपी व एसपी गंगापार सहित तमाम अधिकारियों ने लोगों को किसी तरह शांत कराया। राहुल की बाइक व दो मोबाइल भी गायब थे। पुलिस जहां आशनाई तो परिवार के लोग जमीनी रंजिश में हत्या होने की आशंका जता रहे हैं। सोमवार को उसके शव का पोस्टमार्टम होगा।

दस का छात्र था इकलौता राहुल

-मदनलाल बिन्द के परिवार का राहुल इकलौता चिराग था। वह घूरपुर में ही पास के स्कूल में कक्षा दस में पढ़ रहा था।

-कत्ल के तरीके को देखते हुए पुलिस का मानना है कि कातिल उसके जानी दुश्मन होने के साथ तंग आ चुके रहे होंगे।

-पुलिस हत्या का तरीका देखकर आशनाई की आशंका जता रही है।

-आशंका है कि हो सकता है कि आपत्तिजनक स्थित में उसे देख लिया गया हो, देखने वालों ने उसकी हत्या कर दिया।

-पुलिस के मुताबिक इतनी नृशंस हत्या के पीछे साधारण कारण नहीं हो सकता। वजह तो जांच के बाद स्पष्ट होगी।

-पुलिस का कहना है कि जमीन के विवाद में इतनी बेरहमी से हत्या बहुत कम ही देखने को मिलती है।

आठ नवंबर को फोन पर हुई थी हॉट टॉक

मदनलाल बिंद के मुताबिक बेटे राहुल की आठ नवंबर को किसी से मोबाइल पर हॉट टॉक हो रही थी। वह फोन पर किसी से तेज-तेज चिल्ला कर कह रहा था कि आज के बाद से फोन मत करना। तुम क्या कर लोगे कहते हुए गाली-गलौज भी कर रहा था। वह पुलिस को बताया कि उसने बेटे से मामला पूछने की बहुत कोशिश की। मगर वह कुछ बताने से कतराता रहा। ऐसे में पुलिस उसके गायब दोनों मोबाइल की तलाश में जुटी है। साथ ही उसके मोबाइल नंबर को पर हुई बात का डिटेल भी खंगलवा रही है।

हत्या के तरीके और परिजनों की तमाम बातों को देखते हुए हत्या की वजह आशनाई ही समझ में आ रही है। उसके सिर व मोबाइल की तलाश में पुलिस जुटी है। गंगा किनारे देर शाम उसकी बाइक को बरामद कर लिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

-सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी प्रयागराज