- ठाकुर अमर सिंह ने हॉलीवुड अभिनेता अरनाल्डो ब्लूम के साथ किया ताज का दीदार

- बोले ताज पहले से ज्यादा खूबसूरत लग रहा, सरकार पर्यटन में बेहतर कार्य कर रही

आगरा। सपा के पूर्व नेता ठा। अमर सिंह ने रविवार को एक बार फिर खुलकर सपा से प्यार का इजहार किया। हॉलीवुड अभिनेता अरनाल्डो ब्लूम के साथ ताजमहल का दीदार करने आए अमर सिंह ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और उनके मुख्यमंत्री बेटे अखिलेश यादव की तारीफों के कसीदे गढ़े। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया से उनका दिल का रिश्ता है, न कि दल का।

लेकिन, आजम पर व्यंग्य

शिल्पग्राम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमर सिंह ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान के सवाल पर कहा कि मैं राष्ट्रपिता गांधीजी के तीन बन्दरों के सिद्धान्त का अनुपालन करता हूं। उन्होंने कहा था कि न बुरा देखो, न बुरा सुनो और न बुरा कहो। इसी सिद्धांत पर मैं विश्वास करता हूं। इस दौरान पूर्व राज्य सभा सदस्य अमर सिंह ने मुलायम सिंह के बारे में कहा कि उनके साथ मेरा दिल का रिश्ता है, न कि दिल का। मुख्यमंत्री अखिलेश मेरा भतीजा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि सरकार पर्यटन की दिशा में बेहतर काम कर रही है। खास तौर से आगरा में पर्यटन विकास के लिए खासा कार्य हो रहा है। ये भी कहा कि ताजमहल पहले से ज्यादा खूबसूरत लग रहा है।

अच्छे दोस्त हैं मेरे ब्लूम

उन्होंने बताया कि हॉलीवुड अभिनेता अरनाल्डो ब्लूम मेरे और सीएम अखिलेश यादव के अच्छे दोस्त हैं। उनकी कई फिल्में मैंने और अखिलेश ने देखी हैं। उनके साथ ताजमहल देखने की इच्छा मैंने मुख्यमंत्री अखिलेश से जताई थी, इस पर सीएम ने यहां विशेष इंतजाम कराए। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। साथ ही केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी उन्होंने इस विजिट के लिए धन्यवाद दिया।