-यूएस सुरक्षाकर्मियों ने लिया ताज की सुरक्षा का जायजा

आगरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फरवरी में ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। बुधवार को अमेरिकी डेलीगेट्स ने ताजमहल के सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। 48 सदस्यों के इस दल ने सबसे पहले एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी का जायजा लिया। उसके बाद वो ताजमहल पर सिक्योरिटी चेक करने आए। इस दौरान एसपी सिटी रोहन पी। बोत्रे उनके साथ रहे। अभी ट्रंप के आगरा आने की डेट डिसाइड नहीं हुई है। लेकिन ये कयास लगाया जा रहा है कि वे फरवरी में ताज के दीदार के लिए आगरा आ सकते हैं।

होटलों की ली डिटेल

अमेरिकी सिक्योरिटी डेलीगेट्स ने खेरिया एयरपोर्ट पर काफी टाइम तक एयरफोर्स के ऑफिसर्स के साथ मंत्रणा की। प्रेसीडेंट ट्रंप का जहाज कहां लैंड होगा। इस बात पर चर्चा हुई। ताजमहल की एयरपोर्ट से कितनी दूरी है। रास्ते में कितने मार्केट हैं। ताजमहल के पास कितनी दुकानें हैं। इसका जायजा अमेरिकी डेलीगेट्स ने लिया। अमेरिकी डेलीगेट्स ने शिल्पग्राम से ताज तक पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने ये भी सुनिश्चित किया कि शिल्पग्राम से ताज तक मार्केट बंद रहेगा। ताज के कितने गेट हैं। किस गेट से ट्रंप ताज तक पहुंचेंगे। ताजमहल के पास कितने होटल हैं। उनमें कितने कमरे हैं। इन सब बातों को बारीकी से नोट किया गया।

पूर्व अमेरिकी प्रेसीडेंट का दौरा हुआ था रद्द

साल 2015 में तत्कालीन अमेरिकी प्रेसीडेंट बराक ओबामा ने इंडियन रिपब्लिक डे पर बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की थी। उस टाइम वे भी ताज का दीदार करना चाहते थे। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गईं थीं। लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया था। वे सिक्योरिटी रीजन से अपनी बीस्ट कार से ताज के अंदर यानि रॉयल गेट तक जाना चाहते थे। लेकिन, अमेरिकी सिक्योरिटी एजेंसी को इस बात की अनुमति नहीं दी गई थी। इस कारण उनका ताज को विजिट करने का प्लान कैंसल हो गया था।

10 दिन पहले डेरा डाल देगी अमेरिकी टीम

अमेरिकी प्रेसीडेंट ट्रंप की सिक्योरिटी में तैनात अमेरिकी टीम उनके ताज के विजिट करने से 10 दिन पहले आगरा में डेरा डाल देगी। उनकी सिक्योरिटी टीम में शामिल जवान अपने साथ एडवांस वेपंस लेकर आएंगे।

ब्राजील के प्रेसीडेंट 25 को करेंगे ताज का दीदार

ब्राजील के प्रेसीडेंट जेयर बॉल्सनारो इस बार इंडियन रिपब्लिक डे की परेड में बतौर चीफ गेस्ट शिरकत करेंगे। इससे पहले वे 25 जनवरी को आगरा ताज का दीदार करने आएंगे। इसके लिए पहले से ही तैयारिया पूरी कर ली गई हैं। आगरा पुलिस ने इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि ब्राजील के प्रेसीडेंट के आगमन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।