कानपुर। इंडियन आइडल 11 के प्रोमो के बाद नेहा कक्कड़ और आदित्य नारायण सुर्खियों में छाए हैं, जिसमें दिखाया गया है कि 14 फरवरी को जज नेहा और होस्ट आदित्य के बीच कोई बड़ा अनाउंसमेंट होने वाला है। ऐसी अफवाहें हैं कि दोनों वेलेंटाइन डे पर शादी के बंधन में बंधेंगे लेकिन इससे पहले, वे अपने फैंस के लिए एक और नई खबर लेकर आए हैं। दरअसल, शादी के अफवाहों के बीच नेहा के सिंगर भाई टोनी कक्कड़ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर दोनों से जुड़ी एक खास जानकारी दी है। गुरुवार को, टोनी ने एक इंस्टाग्राम वीडियो के माध्यम से घोषणा की कि उन्होंने नेहा और आदित्य के साथ एक म्यूजिक वीडियो शूट किया है, जिसका नाम 'गोवा बीच' है। यह गाना 10 फरवरी को रिलीज होगा।
आदित्य ने टोनी को चिढ़ाया
साथ ही वीडियो में टोनी यह कह रहे हैं, 'मुझे लगता है कि दोनों 14 फरवरी को शादी कर रहे हैं इसलिए मुझे इनके साथ एक शूटिंग करनी चाहिए क्योंकि वे अभी सिंगल हैं।' इस बात पर हंसते हुए आदित्य ने गायक को भी चिढ़ाया और उन्हें अपना असली 'साला' कह दिया। तीनों सेलेब्स ने इंस्टाग्राम पर गाने के पोस्टर और साथ की तस्वीरें भी साझा की हैं, जिन्हें नीचे देख सकते हैं।
नेहा और आदित्य की जोड़ी को पसंद करते हैं फैंस
बता दें कि आदित्य और नेहा की जोड़ी को उनके फैंस काफी पसंद करते हैं। आदित्य को अक्सर नेहा के साथ शो में फ्लर्ट करते देखा जाता है। पिछले महीने, आदित्य के पिता उदित नारायण ने शादी की अफवाहों पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। नवभारत टाइम्स से बात करते हुए, नारायण ने कहा था, 'नेहा कक्कड़ बहुत प्यारी लड़की हैं। वह बहुत ही खूबसूरती से गाती हैं। मुझे नेहा बहुत पसंद है। न केवल मैं, बल्कि लोग भी उन्हें पसंद करते हैं। मैं सच में उन्हें पसंद करता हूं और उन्होंने इंडस्ट्री में अपने लिए एक नाम बनाया है। मैं भी उनके गाने सुनता रहता हूं।'
Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk