- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया सपा-बसपा पर हमला

- काकोरी शहीद स्मारक में क्रांतिकारियों को दी श्रद्धांजलि

- प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का किया आह्वान

LUCKNOW: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार सूबे का विकास नहीं होने देना चाहती है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उज्जवला योजना, गरीबों को कर्ज जैसी अहम योजनाओं के लागू होने में राज्य सरकार अड़ंगा डाल रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सपा केवल एक जाति विशेष और बसपा केवल खुद का विकास करती है। सिर्फ भाजपा ही गरीबों के लिए काम कर रही है। वहीं कार्यक्रम के बाद शाह ने सांसद कौशल किशोर के आवास पर जाकर दलितों के साथ भोजन भी किया।

विकास की जगह गुंडाराज

शनिवार को भाजपा की तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शरीक होने आए शाह ने काकोरी शहीद स्मारक पर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पौधरोपण किया। करीब दस हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोले कि मैं यहां राजनैतिक बात करने नहीं आया हूं, लेकिन यूपी के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है, इसलिए यहां भाजपा की सरकार बनना बेहद जरूरी है। बुलंदशहर कांड, जवाहरबाग कांड, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा, बिजली की समस्या, अस्पतालों की कमी, भ्रष्टाचार पर राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यहां सिर्फ गुंडाराज कायम है। कहा कि गोरखपुर में राज्य सरकार ने जमीन नहीं दी तो केंद्र ने खुद की जमीन पर एम्स की स्थापना की। अगर भाजपा शासित राज्यों की तरह गांव-गांव तक विकास करना है तो इस पवित्र जगह पर तय कर लीजिए कि भाजपा को ही वोट देंगे।

पर्यटक स्थल बनाने का आश्वासन

शाह ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने काकोरी को राष्ट्रीय पर्यटक स्थल घोषित करने की बात कही है। मैं इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करूंगा। पर्यटक स्थल बनने से देश के युवाओं को क्रांतिकारियों के बलिदान के बारे में जानने का मौका मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में नौ अगस्त से तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम रखा गया है। भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को बता रहे हैं कि कितने बलिदानों के बाद हमें आजादी मिली। यह देश का दुर्भाग्य है कि आजादी के 70 साल में से 60 साल तक एक ही परिवार ने देश में राज किया। इस दौरान शहीदों को नमन करने में भी कहीं न कहीं चूक हुई।

स्वराज मिला, लेकिन सुराज नहीं

शाह से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने कहा कि देश का स्वराज्य तो मिला लेकिन सुराज नहीं। प्रदेश में गुंडागर्दी खत्म नहीं हुई है। मोदी सरकार ने ही बलिदानी वीरों को याद करने का काम किया। काकोरी स्मारक नहीं, राष्ट्रीय तीर्थस्थल है। वहीं स्थानीय सांसद कौशल किशोर ने कहा कि कोई भी गरीब सपा या बसपा सरकार में मुख्यमंत्री से मिल नहीं सकता है। भाजपा की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री कार्यालय चौबीस घंटे खुला रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को बदनाम करने के लिए पूरे देश में दलितों के साथ जानबूझकर मारपीट की जा रही है।

बंसल के फोटो पर कमल चस्पा

शाह के कार्यक्रम के लिए दुबग्गा से काकोरी शहीद स्मारक जाने वाले रास्ते को नरेंद्र मोदी, अमित शाह, केशव मौर्य के फोटो लगे बैनर और होर्डिग से पाट दिया गया था। खास बात यह रही कि भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठनन) सुनील बंसल के फोटो पर अचानक कमल का निशान चस्पा कर दिया गया। बंसल के कुछ समर्थकों ने इसे फाड़ने की कोशिश भी की। इसे लेकर पार्टी में अंदरखाने विवाद की भी चर्चा रही।

तिरंगा यात्रा में तिरंगे नहीं

पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथ में भाजपा का झंडा ही नजर आ रहा था। अमित शाह ने मंच पर आते ही तिरंगा मंगाने को कहा जिसके बाद दो तिरंगा झंडा लाए गये। शहीद क्रांतिकारी रामकृष्ण खत्री के पुत्र उदय खत्री ने अमित शाह को एक तिरंगा भेंट किया। बदले में शाह ने उन्हें बुके और शॉल देकर सम्मानित किया। इसके बाद शाह के पीछे तीन लोग तिरंगा लेकर खड़े रहे।