कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 29 सदस्यों में से 20 ने अनामिका के पक्ष में किया मतदान

निकटतम प्रतिद्वंद्वी मधु वाचस्पति को मिले मात्र आठ वोट, एक मत अवैध घोषित

ALLAHABAD: कौशाम्बी में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मंगलवार को बाजी अनामिका सिंह के नाम रही। कुल 29 सदस्यों वाली जिला पंचायत के 20 सदस्यों ने उनके पक्ष में मतदान किया। निकटतम प्रतिद्वंद्वी मधु वाचस्पति को मात्र आठ वोट मिले। एक मत अवैध घोषित हो गया।

परिणाम आते ही उछल पड़े समर्थक

चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 11 बजे मतदान शुरू हुआ। करीब तीन बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों ने मतपत्रों की गणना शुरू की। लगभग 3.30 बजे परिणाम घोषित किया गया तो अनामिका सिंह के समर्थक खुशी से उछल पड़े और नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अनामिका सिंह को निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र दिया। बतादें कि सिराथू से सपा विधायक रहे वाचस्पति की पत्नी मधु वाचस्पति इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष थीं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गई थीं। अनामिका सिंह पूर्व में समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी के रूप में सदस्य निवार्चित हुईं थीं।