मुंबई (आईएएनएस)। अनिल अंबानी के छोटे बेटे 23 वर्षीय अंशुल अंबानी ने रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर में बतौर मैनेजमेंट ट्रेनी काम शुरू किया है। शनिवार को जारी एक वक्तव्य में कहा गया है कि पिछले सप्ताह उन्होंने रिलायंस ग्रुप ज्वाइन किया है। अंशुल ने मैनेजमेंट में स्नातक किया है। उन्होंने न्यूयार्क विश्वविद्यालय के स्टेर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से अपनी पढ़ाई की है। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर रिलायंस ग्रुप की इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन कंपनी है। ग्रुप की पावर जनरेशन एवं वितरण बिजनेस, मुंबई मेट्रो, डिफेंस बिजनेस और विभिन्न रोड एवं एयरपोर्ट परियोजनाओं की यह होल्डिंग कंपनी है।

बड़े बेटे अनमोल की भी इसी प्रकार हुई थी कंपनी में इंट्री
अंशुल ने अंबानी परिवार द्वारा चलाई जा रही कंपनी में अपने बड़े भाई अनमोल की तरह ही कंपनी में इंट्री ली है। अनमोल ने 2014 में रिलायंस म्यूचुअल फंड में बतौर मैनेजमेंट ट्रेनी ज्वाइन किया था। बाद में  2016 में उन्होंने रिलायंस कैपिटल बोर्ड ज्वाइन कर लिया था। वर्तमान में अनमोल ग्रुप की वित्तीय सेवाओं को देख रहे हैं। रिलायंस कैपिटल के सीईओ की अनुपस्थिति में संबंधित सभी ऑपरेटिंग कंपनियों के सीईओ और ग्रुप फंक्शनल हेड्स उन्हें रिपोर्ट करते हैं।

Business News inextlive from Business News Desk