हटाया गया अतिक्रमण

ALLAHABAD: हाईकोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस को इंक्रोचमेंट मुक्त कराने के साथ ही एडमिनिस्ट्रेशन ने अब सिविल लाइंस से सटे एरिया की ओर रूख कर लिया है। सोमवार को कटरा एरिया में अभियान चलाकर रोड पटरी से अतिक्रमण हटाया गया। जिससे दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।

नगर निगम और एडीए के संयुक्त अभियान की शुरुआत सोमवार को नवाब युसुफ रोड से हुई। क्लाइव रोड होते हुए म्योर रोड तक और म्यौहाल चौराहा से मनमोहन पार्क तक सड़क के दोनों पटरियों से अतिक्रमण हटवाया गया। गुलाटी मार्ग तक अभियान चलाने के बाद अब आगे अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दैरान नौ गुमटी, एक ठेलिया, पांच झोपड़ी, आठ टीन शेड, चबूतरा व काउण्टर को हटाया गया। पटरी पर हुए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।

वहीं अवैध निर्माण के खिलाफ एडीए के जोनल अधिकारियों ने भी जबर्दस्त कार्रवाई की। जोन एक के जोनल अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने सात अवैध निर्माण का चालान करने के साथ ही 11 को नोटिस जारी की। वहीं जोन दो व चार के जोनल अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव ने छह का चालान किया वहीं 16 को नोटिस जारी की। जोन तीन व छह के जोनल अधिकारी जयराम मौर्य ने 22 को नोटिस दिया। जोन पांच के जोनल अधिकारी पीएन यादव ने तीन का चालान व एक को नोटिस दिया।