RANCHI: कातिल तम्बाकू से सरकारी स्कूलों के बच्चों को रूबरू कराया जाएगा। जी हां, उनके कोर्स में तम्बाकू से होने वाले दुष्परिणामों को उजागर करने वाले अध्याय जोड़े जाएंगे। राज्य सरकार ने बच्चों को सचेत और जागरूक करने के लिए इसे मुहिम के तौर पर प्रयास चालू कर दिए हैं। राज्य तम्बाकू नियंत्रण समन्यवय समिति की रिपोर्ट के बाद प्रक्रिया तेज कर दी गई है। समिति ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा तम्बाकू नियंत्रण के लिए चलाई गई गतिविधियों का भी विस्तृत ब्योरा तैयार किया है।

डीसी करेंगे मानिटरिंग, होंगे पुरस्कृत

स्कूलों के सिलेबस में तम्बाकू के दुष्परिणामों को उजागर करने वाले पाठ से संबंधित मानिटरिंग जिलों के उपायुक्तों द्वारा की जाएगी। तंबाकू उन्मूलन के लिए जिला स्तरीय प्रयासों की जांच होगी। साथ ही जिस जिले में बेहतर कार्य किए जाएंगे, वहां के डीसी को स्थापना दिवस के दिन सम्मानित किया जाएगा।

जिलों में चलेगा जागरूकता अभियान

सूचना जन संपर्क विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में तम्बाकू के दुष्परिणामों से संबंधित होर्डिंग्स और बैनर- पोस्टर लगाए जा रहे हैं। पूरे राज्य में तम्बाकू के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

तंबाकू नियंत्रण में ट्रेंड होंगे मुखिया

डीसी महिमापत रे ने बताया कि राजधानी समेत आसपास की पंचायतों के मुखिया और जिला परिषद के सदस्यों को भी तम्बाकू उत्पादों के दुष्परिणामों के सबंध में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में भी समय-समय पर जाकर उनलोगों द्वारा मानिटरिंग की जाएगी।

आरएमसी जल्द चलाएगा छापामारी अभियान

नियम के अनुसार, सभी तम्बाकू उत्पाद बेचने वाले लोगों को नगर निगम से लाइसेंस लेना अनिवार्य है, लेकिन उसके बाद भी सैकड़ों दुकानदारों ने अभी तक लाइसेंस नहीं लिया और धड़ल्ले से तंबाकू बेच रहे हैं। इनके खिलाफ नगर निगम जोरदार छापामारी अभियान चलाने की तैयारी में है।

तंबाकू के बजाय फूलों की खेती

राज्य सरकार के निर्देश के बाद कृषि विभाग अब तम्बाकू की जगह अल्टरनेटिव प्रोडक्ट को बढ़ावा देने की रणनीति तैयार कर रहा है। इसके तहत फूलों व अन्य उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने की कार्यशैली अपनाई जाएगी।

वर्जन

जल्द ही कोर्स में तंबाकू के दुषपरिणामों को उजागर करने वाले अध्याय जोड़े जाएंगे, ताकि बच्चों को जागरूक और सचेत किया जा सके। इस संबंध में मुख्य सचिव स्तर से जरूरी दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। तम्बाकू से बचाव के लिए जिले में अन्य संभावित अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

आर महिमापत रे, उपायुक्त , रांची