JAMSHEDPUR: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी टेल्को के रामाधीन बागान में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या की घटना से आहत है। अनुष्का ने शुक्रवार को ट्वीटर पर ट्वीट किया, एक तीन साल की लड़की जो टाटानगर रेलवे स्टेशन पर अपनी मां के साथ सो रही थी, उसका अपहरण कर दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। यह अमानवीय व अपमानजनक है। यह सचमुच मुझे गुस्से में हिला रहा है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्मी को इतनी कड़ी सजा दी जानी चाहिए कि कोई अन्य व्यक्ति कभी भी इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न करे। मैं आशा करती हूं, पीडि़त परिजन को जल्द से जल्द न्याय मिले। आरोपित को सजा इतनी गंभीर मिले कि कोई और इस तरह के जघन्य, राक्षसी अपराध करने की हिम्मत नहीं कर सके।

 

इस बीच, अनुष्का के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए, फिल्म निर्माता अनुभव सिन्हा ने लिखा, एक बुरी खबर देता हूं। ये बस शुरुआत है। हम सबके अंदर एक गहरी नींद में सोता हुआ जानवर होता है। उसे उठा दिया गया है। वो जग रहा है धीरे धीरे।

25 को किया गया था अगवा

गौरतलब है कि 25 जुलाई की रात टाटानगर स्टेशन से तीन साल की बच्ची को अगवा कर लिया गया था। बच्ची अपनी मां के बगल में सो रही थी। उसका अपहरण कर उससे दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी। उसका शव मंगलवार रात शहर के टेल्को थाना क्षेत्र से बरामद किया गया था। जघन्य अपराध में शामिल लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।