.नोटिस चस्पा होने के बावजूद घर से बाहर निकल रहे कोरोना संदिग्ध

.पुलिस ऐसे लोगों पर नजर रखकर कर रही है कार्रवाई

बरेली। कोरोना वायरस की चेन लंबी न हो, इसके लिए लॉकडाउन किया गया है। कोरोना संदिग्ध लोगों को होम क्वारंटाइन किया जा रहा है, ताकि वह बाहर न निकलें और कोरोना वायरस न फैले। इसके बावजूद लोग मान नहीं रहे हैं। बारादरी के बाद अब कोतवाली एरिया में स्टेशन रोड पर एक शख्स के घर से बाहर घूमने की शिकायत पुलिस के पास पहुंची। इस शख्स के घर के बाहर हेल्थ डिपार्टमेंट ने होम क्वारंटाइन का नोटिस भी चस्पा किया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई कर रही है।

नोटिस फाड़ने का आरोप

कोतवाली एरिया में माल गोदाम रोड पर स्थित होटल के पीछे के एक शख्स को होम क्वारंटाइन किया गया था। यह शख्स सुभाषनगर के कोरोना पॉजिटिव शख्स के परिजनों के जरिए इंडायरेक्टली संपर्क में आया था। फ्राइडे को पुलिस को ट्वीटर के जरिए शिकायत मिली कि होम क्वारंटाइन किया गया शख्स घर के बाहर घूम रहा है। उसने नोटिस भी फाड़ दिया है।

एक शख्स पर हो चुकी एफआईआर

होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वाले एक शख्स पर बारादरी में थर्सडे को एफआईआर भी दर्ज की गई है। वह सुभाषनगर के कोरोना पॉजिटिव रेलवे कर्मचारी के संपर्क में आया था। उसने अपने घर के बाहर लगा नोटिस भी फाड़ दिया था।

बाहर से आए हजारों लोग क्वारंटाइन

जिले में बाहर से आए लोगों की संख्या करीब 16 हजार हो गई है। इन सभी को घरों में रहने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शेल्टर होम में भी लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इन लोगों के परिजन भी किसी तरह इनसे संपर्क कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन की ओर से भी इनके परिजनों को सूचना दे दी गई है, ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो। कुछ लोगों के रात के अंधेरे में बाहर चले जाने के बाद से इनकी निगरानी भी की जा रही है।

देर रात धार्मिक स्थल कराया खाली

बारदारी में शहदाना स्थित धार्मिक स्थल में कई लोगों के ठहरे होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुछ लोग यहां से चले गए। जो लोग रह गए थे उन्हें धार्मिक स्थल के केयर टेकर के जरिए उनके घरों तक पहुंचा दिया गया। करीब आधा दर्जन लोग दूसरे जिलों के थे, जिन्हें भी भेज दिया गया है। यहां करीब सवा सौ लोग काफी दिनों से ठहरे थे और लॉकडाउन की वजह से फंस गए थे। पुलिस को वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वह लोग इलाज के लिए यहां आए थे। इनमें से एक शख्स 8 साल से यहां रह रहा था। फ्राइडे दोपहर में डीएम-एसएसपी ने भी यहां का निरीक्षण किया। इसी तरह से शहर के अलग.अलग जगहों से भी धार्मिक स्थलों में लोगों के जाने की शिकायतें पुलिस को मिल रही हैं।