JAMSHEDPUR: झारखंड तीरंदाजी संघ की वार्षिक आम सभा (एजीएम) खरसावां के आरसीडी गेस्ट हाउस में मंगलवार को हुई। इसमें सर्वसम्मति से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष चुने जाने की पुष्टी की गयी। अर्जुन मुंडा को पिछले दिनों जेएए का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया था। अध्यक्ष पद के लिये अर्जुन मुंडा के नाम का प्रस्ताव धनबाद जिला संघ के सचिव जुबैर आलम ने दिया, जिस पर एजीएम में पहुंचे 16 जिला व आठ यूनिट ने समर्थन किया।

गुलदस्ता देकर स्वगत किया
जेएए के अध्यक्ष चुने जाने के बाद सभी पदाधिकारियों ने गुलदस्ता देकर स्वगत किया। जेएए की एजीएम में आने वाले दिनों के कार्य योजना पर विचार-विमर्श करते हुए हर जिला में तीरंदाजी के विकास पर कार्य करने की बात कही गयी। बताया गया कि जेएए की एक टीम सभी जिलों का दौरा कर जिला के टीमों के संसाधन व प्रदर्शन स्थिति परखेगी। कमजोर जिला व यूनिट को मजबूत करने पर कार्य होगा। संघ से एफिलेशन लेने के लियच् इच्छुक नये यूनिट की भी जांच की जायेगी। जेएए की टीम में एल मूर्ति, जुबैर आलम, सुमंत चंद्र मोहंती, हरेंद्र सिंह व धरमेंद्र उपाध्याय को रखा गया है। बैठक में मुख्य रूप से संघ के वरीय उपाध्यक्ष बेली बोधनवाला, नवीन कुमार, उपाध्यक्ष अजय सिंह, सचिव आशीष कुमार, सह सचिव सुमंत मोहंती, हरेंद्र सिंह, रीना कुमारी, मीरा मुंडा आदि उपस्थित थे।