परतापुर थानाक्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बना कर दिया वारदात को अंजाम

Meerut। परतापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बदमाशों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए जमकर लूटपाट की। परिवारवालों को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश रातभर लूटपाट करते रहे।

आवाज देकर खुलवाए दरवाजे

घटनाक्रम के मुताबिक बराल परतापुर गांव में कुकू उर्फ मिंटू के घर शुक्रवार देर रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने आवाज देकर घर का दरवाजा खुलवा लिया। जैसे ही मिंटू ने दरवाजा खोला वैसे ही बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया। मिंटू के अलावा अन्य परिजनों को भी हथियारों के बल पर बंधक बनाकर बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। बदमाश करीब 7000 रुपए, एक सोने की चेन और सोने के कुंडल सहित कीमती सामान लूटकर ले गए। वहीं बेखौफ बदमाशों ने गांव के ही नरेश के घर धावा बोला। और दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। इसी बीच नरेश ने शोर मचा दिया जिसके बाद गांव वाले जाग गए। लोगों को जुटता देख बदमाश फरार हो गए।

बदमाशों ने दो घरों का निशाना बनाकर लूटपाट की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना परतापुर पुलिस को बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।

चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ, ब्रह्मापुरी, मेरठ