रांची :राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र के काली बाबू स्ट्रीट में रहने वाले रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रामधन बर्मन के यहां विश्वकर्मा पूजा के दौरान हथियार पूजा के बीच चली गोली से महिला रिश्तेदार शांति देवी की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना में रामधन बर्मन के बेटे विवेक बर्मन पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। रामधन बर्मन के पास 3 लाइसेंसी हथियार हैं। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर तीनों हथियारों को भी पूजा के लिए लाया गया था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। वहीं इलाकाई थाने के प्रभारी का कहना है कि इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जिस किसी के ने यह गोली चलाई है उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला

इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि काली बाबू स्ट्रीट में रामधन बर्मन अपने दो साढ़ू के साथ एक ही कैंपस में रहते हैं। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर वाहनों की पूजा के साथ ही बर्मन हथियारों की भी पूजा किया करते थे। रामधन के पास दो राइफल और एक रिवाल्वर है, तीनों लाइसेंसी हैं। मंगलवार को पूजा के लिए हथियार विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति के सामने रखे गए थे। हथियारों की पूजा करने के बाद जब उन्हें वापस घर में रखने के लिए ले जाया जाने लगा, उसी दौरान एक राइफल से गोली चल गई। गोली सामने के कमरे में सोयी रामधन बर्मन की साली शांति देवी को लग गई। आनन-फानन में परिवार वाले उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार हथियारों से सारी गोलियां निकाल दी गई थीं, लेकिन एक राइफल के चैंबर में गोली रह गई थी। हथियार एक साथ ले जाने के दौरान ट्रिगर दब गया और यह हादसा हो गया।

किससे चली गोली, क्लियर नहीं

रायफल से गोली किसके द्वारा चली यह अभी साफ नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार रामधन के 20 वर्षीय बेटे से ही गोली चली लेकिन रामधन इससे इनकार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस मामले में भी गिरफ्तारी तय है।

नया शौक है हथियारों की पूजा

आमतौर पर दीपावली पर हथियारों की पूजा की जाती है, लेकिन धीरे-धीरे यह चलन अब विश्वकर्मा पूजा के दौरान भी शुरू हो गया है। बीते साल भी विश्वकर्मा पूजा पर कई लोगों ने हथियारों की पूजा कर उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली थी।

पुलिस इनवेस्टिगेशन चल रही है। जांच के दौरान जो साक्ष्य उपलब्ध होंगे उसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

अनीश गुप्ता

एसएसपी रांची