देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड से अरुण जेटली का करीबी नाता रहा है। नैनीताल उनकी घूमने की पंसदीदा जगह थी। उत्तराखंड में भाजपा के राजनीतिक परिद्श्य में भी अरुण जेटली का काफी दखल रहा। व‌र्ल्ड फेमस द दून स्कूल के 81वें स्थापना दिवस में शामिल होने दून आए तब भी पार्टी के नेताओं के कान में विधानसभा चुनाव में सफलता का मंत्र फूंक गए थे। पिछले दिनों अरुण जेटली का कई बार दून आना हुआ। नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट से सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट से उनका खास याराना था।

द दून स्कूल से जुड़ी यादें

अरुण जेटली 22 अक्टूबर 2016 में व‌र्ल्ड फेमस द दून स्कूल के 81वें स्थापना दिवस के मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट्स को अपने संबोधन में नए भारत में युवाओं के लिए मौजूद अवसरों पर प्रकाश डाला था।

दो बार चुनावी रैली की

कैंट विधायक हरबंस कपूर ने बताया कि अरुण जेटली का उत्तराखंड से विशेष लगाव था। उन्होंने दो विधानसभा चुनाव में कैंट विधानसभा से हरबंस कपूर के समर्थन में चुनावी रैली भी की। हरबंस कपूर के अनुसार मिलनसार व्यक्तित्व के धनी अरुण जेटली के निधन से उन्हें गहरा आघात लगा है।

जेटली के करीब थे अजय भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट अरुण जेटली के काफी करीब माने जाते थे। वर्ष 2016 में जब अरुण जेटली देहरादून एक फेमस स्कूल के स्थापना दिवस में शामिल होने आए तो भाजपा अध्यक्ष से उनसे बुद्धिजीवी सम्मेलन की अध्यक्षता का निवेदन किया, उन्होंने हाथों हाथ स्वीकार कर लिया। अजय भट्ट के आग्रह को वे कभी नहीं टालते थे।

अंतर्कलह भी दूर किया था

वर्ष 2016 में प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले अजय भट्ट प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया था। इस पर एक मौजूदा सांसद व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के कद को डाउन किए जाने की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी। कांग्रेस हरीश रावत को मुख्यमंत्री कैंडिडेट डिक्लेयर कर चुनाव मैदान में थी, जबकि भाजपा तक अंतर्कलह से जूझ रही थी। ऐसे में अरुण जेटली को यहां भेजा गया था। जेटली ने ही सभी भाजपा नेताओं को संगठित किया और भाजपा का चुनावी संकल्प पत्र का विमोचन भी किया था।

नैनीताल पसंदीदा टूरिस्ट प्लेस

अरुण जेटली के पसंदीदा टूरिस्ट प्लेसेज में प्रदेश का नैनीताल शामिल था। वे 11 सितंबर 2016 को परिवार सहित नैनीताल घूमने आए थे। तत्कालीन राज्यपाल केके पॉल ने उनकी मेजबानी की थी। नैनीताल राजभवन में ही तत्कालीन सीएम हरीश रावत ने भी उनसे मुलाकात कर राज्य के लिए स्पेशल पैकेज की मांग रखी थी।

भाजपा के सभी कार्यक्रम स्थगित

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री अजय भट्ट ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और अपने सभी कार्यक्रम रद कर दिल्ली रवाना हो गए। भट्ट ने कहा कि जेटली का उत्तराखंड से गहरा लगाव था। गत विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया था। साथ ही उन्होंने बुद्धिजीवी सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ। देवेंद्र भसीन ने बताया कि भाजपा उत्तराखंड ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। 25 अगस्त को होने वाली कार्यशाला जिसमें भाजपा राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह को भी शामिल होना था स्थगित कर दी गई है।