अशोक नगर नेवादा के लोगों ने इसी सवाल के साथ किया प्रदर्शन

क्योंकि करीब दस साल से नहीं बनी है नेवादा एरिया की सड़क व नाली

ALLAHABAD: सुबह-सुबह घर से बाहर निकलते हैं तो फिर कीचड़ के दर्शन होते हैं। स्कूल जाते समय बच्चे फिसलकर कीचड़ में गिर जाते हैं। क्या हम स्मार्ट सिटी का हिस्सा नहीं? पिछले कई वर्षो से लगातार सड़क की मरम्मत न होने से परेशान अशोक नगर नेवादा एरिया के लोगों ने इन्हीं सवालों के साथ संडे को प्रदर्शन किया।

कब बनेगी सड़क

नगर निगम के वार्ड नंबर छह अशोक नगर के नेवादा स्थित पत्रिका स्कूल के पास वाली सड़क से सटे करीब 100 घरों में रहने वाले लोगों का आरोप था कि उनके एरिया में सड़क बने करीब 10 वर्ष से ज्यादा हो गया। सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। पूरी सड़क खड़ंजा में तब्दील हो गई है, जो बारिश होने पर कीचड़ और पानी से लबालब हो जाती है।

मेयर तक को सौंपा ज्ञापन

नेवादा के लोगों का आरोप था कि 100 से अधिक परिवार वाले एरिया में सड़क और नाली सबसे बड़ी समस्या है। जिसके निस्तारण के लिए एक बार नहीं बल्कि कई बार मेयर और पूर्व पार्षदों को पत्र सौंपा गया है। संडे को लोगों ने पार्षद अहमद अली को पत्रक देकर सड़क और नाली बनवाने की मांग की। जिस पर अहमद अली ने आश्वासन दिया कि वे लोगों की समस्याओं का समाधान कराएंगे और हर हाल में सड़क निर्माण करवाएंगे।

बयां की अपनी पीड़ा

बारिश होने के बाद इन दिनों स्थिति ये हो गई है कि घर से निकलना बंद हो गया है। पूरे एरिया में कीचड़ हो गया है।

तारा देवी

कई बार नगर समस्या उठायी गई है, नाली व सड़क बनवाने की मांग की गई है। आखिर कब तक झेलना होगा?

शिव कुमार मिश्रा

हर साल बरसात का मौसम बहुत ही परेशानी के साथ बीतता है। जलजमाव होने से बीमारी भी फैलने लगती है।

शिव जी यादव

शहर स्मार्ट बन रहा है तो सोचा हमारा मोहल्ला भी डेवलप होगा। लेकिन स्मार्ट सिटी के नाम पर भी काम नहीं हो रहा है।

निर्भय कुमार दुबे