गुवाहाटी (एएनआई)। स्प्रिंटर हिमा दास जिन्होंने 2018 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था उन्हें शुक्रवार को आधिकारिक रूप से असम पुलिस में शामिल किया गया है। हिमा की पोस्टिंग गुवाहाटी में होगी। मौके पर असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने उन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया। एएनआई से संक्षिप्त बातचीत करते हुए दास ने कहा, "यह सरकार की नीति के हिस्से के रूप में आया है। मैं अभी के लिए खेलों पर ध्यान केंद्रित करूंगी। मैं खेलों से संन्यास लेने के बाद सेवा में शामिल हो जाउंगी।"

देश के लिए खेलती रहेंगी
हिमा दास ने आगे कहा, "मैं असम पुलिस का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का समर्थन करती हूं।"
बता दें असम पुलिस में हिमा को शामिल किए जाने के फैसले का फैसला दो हफ्ते पहले किया गया था। केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने 11 फरवरी को कहा कि असम सरकार द्वारा राज्य में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लेने के बाद भी हिमा दास देश के लिए खेलना जारी रखेंगी।

हिमा के नाम दर्ज हैं ये रिकाॅर्ड
21 वर्षीय वर्तमान में नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, पटियाला में आगामी टोक्यो ओलंपिक योग्यता के लिए तैयारी कर रही हैं।
IAAF वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप में ट्रैक इवेंट के किसी भी प्रारूप में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमा दास पहली भारतीय एथलीट बनीं थी। जब उन्होंने 51.46 सेकंड में रेस पूरी कर ली थी। हिमा ने 2019 में पांच गोल्ड मेडल जीते थे। उन्होंने 20 जुलाई, 2019 को नोव मेस्टो एथलेटिक्स मीट में पांचवां पदक जीता था। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर दौड़ पूरी करने के लिए 52.09 सेकंड का समय लियाा था। यही नहीं हिमा ने टैबोर एथलेटिक मीट में भी 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था।