नई दिल्ली (एएनआई)। असम में विधानसभा चुनावों की घोषणा होते ही कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को असम दाैरे पर हैं। इस दाैरान उन्होंने गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। प्रियंका गांधी वाड्रा ने देवी कामाख्या के लिए संस्कृत के कुछ श्लोकों को ट्वीट किया। उन्होंने कहा आज मुझे मां कामाख्या के दर्शन का सौभाग्य मिला। मैंने कामाख्या में सभी देशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। न्यूज एजेंसी एएनआई के एक ट्वीट के मुताबिक कामाख्या मंदिर में पूजा करने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं कुछ सालों से यहां आना चाह रही थी, मैं बहुत खुश हूं कि मैं आज यहां आ पाई। चुनाव में हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे, हमारे सारे कार्यकर्ता बहुत काम कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने असम में प्रचार शुरू कर दिया
कामाख्या मंदिर असम में गुवाहाटी शहर के पश्चिमी भाग में नीलाचल पहाड़ी पर स्थित 51 शक्तिपीठों में से एक है। इसके पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को संत रविदास जयंती पर संत रविदास मंदिर का दौरा किया था। इसके साथ ही एक आदर्श समाज सेवा और सद्भावना बनाने के लिए संत रविदास के समानता के संदेशों को भी ट्वीट किया था। प्रियंका गांधी ने इस यात्रा से यहां पर चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।

असम में कांग्रेस और भाजपा में होगी टक्कर
बता दें कि शुक्रवार को भारत के चुनाव आयोग ने घोषणा की कि असम 27 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होंगे। पहला चरण 27 मार्च, दूसरा चरण 1 अप्रैल और तीसरा 6 अप्रैल को होगा। मतों की गिनती 2 मई को होगी। असम में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनावों में असम में बीजेपी ने कांग्रेस से सत्ता हासिल की थी। इस बार भी जबरदस्त चुनावी लड़ाई के आसार हैं।

National News inextlive from India News Desk