- पांच विधानसभा सीटों पर 50 फीस जबकि समस्तीपुर लोकसभा सीट पर पड़ा 45 फीसद वोट

- किशनगंज विधानसभा क्षेत्र में हुई सर्वाधिक वोटिंग 59.18 फीसद हुआ मतदान

- 24 अक्टूबर को होगी मतगणना

PATNA

: बिहार में पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीटों पर सोमवार को शांतिपूर्ण उप चुनाव संपन्न हो गया है। समस्तीपुर लोकसभा सीट पर महज 45 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि, विधानसभा की पांच सीटों पर हुए उप चुनाव में करीब 50 फीसद वोट पड़े। उपचुनाव में लोकसभा से नौ फीसदी कम मतदान हुआ। इसके साथ छह सीटों पर 51 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। अब 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। उप चुनाव में 45 पुरुष और छह महिला प्रत्याशी भाग्य आजमा रहीं हैं। विधानसभा में बेलहर में 53.49, किशनगंज में 59.18, नाथनगर में 43.20, सिमरी बख्तियारपुर में 52.50 और दरौंदा विधानसभा सीट पर 42.20 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता रहे रामचंद्र पासवान के निधन के बादी खाली हुई समस्तीपुर लोकसभा सीट पर रामचंद्र के बेटे प्रिंस राज चुनाव लड़ रहे हैं। प्रिंस का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार अशोक राम से हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तुलना में नौ फीसदी से कम मतदान हुआ है। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान कुल 45 हथियार,1 एक्सप्लोसिव और 75 गोलियां जब्त की गई हैं।

बिहार उपचुनाव की घोषणा से लेकर अबतक 21 हजार 311 लीटर शराब जब्त, 34.5 किलो गांजा और 29,15,852 रुपये जब्त किए गए हैं। चुनाव के दौरान बांका जिले में सेक्टर दंडाधिकारी विनय कुमार की गाड़ी की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई।

मतदान का बहिष्कार

समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के रोसड़ा थाना के सहियार डीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 306 पर स्थानीय सड़क बनाने को लेकर लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया।