-ईट-पत्थर से पीट-पीटकर विवाहिता की कर दी गई थी हत्या

-पीडि़त पिता ने कराई थी दामाद सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी

PATNA/ BIHARSHARIFF: हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपियों के घर पुलिस ने रविवार को कुर्की जब्ती की। कुर्की के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। बिहार थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि शहर के अम्बेर स्थित फरार विक्की कुमार के घर की कुर्की जब्ती की गई।

विक्की व उसके परिवार के पास सदस्यों पर विवाहिता की ईट-पत्थर से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि रहुई के मल्लिकचक गांव निवासी कमलेश यादव की पुत्री विभा कुमारी की शादी दो वर्ष पूर्व अम्बेर के विक्की कुमार से हुई थी। शादी के बाद विक्की अपनी पत्नी को काली होने का आरोप लगा मारपीट करता था। इतना ही नहीं दहेज के रूप में मोटी रकम की मांग करता था। जब मायके वालों ने मांगें पूरी नहीं की तो विक्की सहित परिवार वालों ने ईट-पत्थर से विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

इस घटना के बाद मृतका के पिता ने दामाद, भैसुर, सास व ननद के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार चल रहे थे। इसके बाद कोर्ट से आदेश लेकर विक्की के घर पुलिस कुर्की करने पहुंची। इसी दौरान आरोपित भैसुर संतोष कुमार पुलिस को देखकर भागने लगा तभी पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। कुर्की के दौरान आसपास के लोगों की काफी भीड़ लगी थी। कुर्की में शामिल एसआई जितेन्द्र कुमार, सुनील कुमार राजवंशी, शशिरंजन, राकेश कुमार, हजाज अहमद सहित पुलिस बल शामिल थे।