थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्र का मामला, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा

Meerut : लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र स्थित उमर गार्डन में छेड़छाड़ के विरोध में शनिवार दो पक्षों में जमकर तकरार हुई। फायरिंग में पीडि़त महिला पक्ष के कई लोग घायल हो गए जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

कर दी थी छेड़छाड़

जानकारी के मुताबिक लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र के उमर गार्डन निवासी महिला घर में ही दुकान करती है। महिला का आरोप है कि शनिवार सुबह नौ बजे वह दुकान पर थी। तभी पड़ोसी जावेद पुत्र शाहिद दुकान पर आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसने यह बात पति को बताई तो उसने जावेद को नसीहत दी। इस पर जावेद धमकी देता हुआ फरार हो गया।

मिलकर की मारपीट

महिला का आरोप है कि दोपहर तीन बजे जावेद ने अपने भाइयों जाहिद, माजिद और आबिद के साथ घर में आ धमका और तमंचों, कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। जिसमें उसका पति, सास व तीन अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि जावेद ने उसके कपड़े फाड़ दिए और अश्लीलता की। इसके बाद जावेद ने फोन करके 10-12 अन्य लोगों को बुला लिया

फायरिंग से फैली दहशत

आरोपियों ने ताबड़तोड़ फाय¨रग की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लिसाड़ी गेट थानाध्यक्ष रघुराज सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर चार भाइयों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी जावेद को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया है।