-राहुल, प्रियंका और अखिलेश समेत दर्जनों दिग्गज करेंगे शिरकत, वेटनरी कॉलेज जाएगी बारात

बाबा रामदेव ने तेजप्रताप और ऐश्वर्या को दिया आशीर्वाद
patna@inext.co.in

PATNA :  सियासत के दो प्रमुख घरों में रिश्तेदारी होने से शनिवार को पटना का अंदाज शाही होगा। शाही शादी में सबकुछ शानदार होगा। दूल्हा तेज प्रताप बीएमपी-5 की सरकारी बग्घी से वेटनरी कॉलेज जाएंगे और ऐश्वर्या को वरमाला पहनाने। शनिवार शाम बारात 10 सर्कुलर रोड से हवाई अड्डा होते हुए वेटनरी कॉलेज पहुंचेगी। आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव और बिहार के एक्स सीएम दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय की पहचान एक हो जाएगी। रांची से पटना पहुंचते ही लालू ने गुरुवार को ही आमंत्रित गेस्ट के बारे में जानकारी ली थी। किन्हें न्योता गया है और कौन शेष हैं, पूरी सूची तलब की। घरेलू मेहमानों को पांच देशरत्न मार्ग में भी ठहराने की व्यवस्था की गई है। आरजेडी अध्यक्ष खुद शादी की तैयारियों की कमान संभाल ली है। लालू को छह हफ्ते के लिए मिली जमानत ने चार चांद लगा दी है।

राहुल पहली बार लालू के घर

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार लालू प्रसाद के घर पहुंचेंगे। वीवीआइपी अतिथियों में सबसे प्रमुख प्रियंका गांधी होंगी। उत्तर प्रदेश के एक्स सीएम अखिलेश यादव तो रहेंगे ही, बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी पहुंच सकते हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह, झारखंड सरकार में बीजेपी के मंत्री सरयू राय के आने की सहमति दी है। सोनिया गांधी को भी न्योता दिया गया लेकिन राहुल और प्रियंका की सहमति मिलने के बाद सोनिया के आने पर संशय की स्थिति है। प्रियंका को मीसा भारती ने आमंत्रित किया है। शुक्रवार को बीमार लालू को देखने दोपहर बाद बाबा रामदेव पहुंचे। उन्होंने माना की लालू की सेहत खराब है। स्वस्थ रहने के लिए रामदेव ने लालू को अनुलोम-विलोम करने की सलाह दी। जरूरत पड़ने पर एक सहयोगी भेजने की बात कही है। रामदेव ने कहा कि लालू को परेशान किया जा रहा है। वह आतंकवादी नहीं हैं कि पैरोल देने में भी परेशानी हो रही थी। लालू से मिलने के बाद बाबा ऐश्वर्या को आशीर्वाद देने पहुंचे।

शाकाहारी भोज बनाने में दिन-रात लगे हैं दो सौ हलवाई

लालू के रूतबे को देखते हुए वेटनरी कॉलेज में बारातियों के खाने की व्यवस्था की जा रही है। चंद्रिका राय लगातार जायजा ले रहे हैं। करीब 25 हजार बारातियों को खिलाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। दो सौ हलवाई दिन-रात लगे हैं विभिन्न व्यंजन बनाने में। खातिरदारी के लिए चंद्रिका राय की ओर से भव्य व्यवस्था की गई है। व्यवस्था के लिए दिल्ली से कई प्रोफेशनल बुलाए गए हैं। लड़की पक्ष की ओर से अतिथियों का स्वागत वेटनरी मैदान में किया जाएगा। वरमाला के लिए स्टेज तैयार कर लिया गया है। मंच इतना ऊंचा है कि करीब 20 हजार लोग आसानी से वर-वधु को देख सकेंगे। बगल में ही डांस फ्लोर बनाया गया है। आर्केस्ट्रा एवं डीजे की व्यवस्था भी की गई है। शादी की रस्में ऐश्वर्या के निवास पांच सर्कुलर रोड में पूरी होगी। यहां बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य हलवाई सुभाष चंद्र गुप्ता ने बताया कि शाकाहारी व्यवस्था की जा रही है। इसमें पुड़ी-पुलाव, लिट्टी-चोखा, मिस्सी रोटी, गुलाब जामुन, बूंदी मलाई, इमरती, कड़ाही पनीर, वेज कोफ्ता, परवल, आलू दम, कश्मीरी दाल, वेज बिरयानी, दही बाड़ा, पंजाबी कुल्चा, पंजाबी छोले और दाल मखनी आदि बनाया जा रहा है।

कोलकाता के फूल, राजस्थान की शहनाई

लालू की जमानत के बाद अब पूरा फोकस शादी को यादगार बनाने पर है। मेहमानों की खातिरदारी की भव्य व्यवस्था है। सजावट की जिम्मेदारी बिहार इवेंट ग्रुप की निदेशक शिखा कुशवाहा ने खुद संभाल रखी है। स्टेज के डेकोरेशन के लिए कोलकाता से फूल मंगाए गए हैं। राजस्थान की शहनाई एवं मेरठ के भांगड़ा ग्रुप ने संगीत के जरिए शादी के माहौल को मस्त बना दिया है। खातिरदारी के लिए बनारस की चाट और गाजियाबाद की कुल्फी खास होगी। छोटू छलिया का संगीत पांच दिनों से धूम मचा ही रहा है।

मड़वा-मटकोर की रस्म में धमाल

शादी की रस्मों में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम से ही मेहमानों का आना शुरू हो गया है। मड़वा-मटकोर की रस्म में भी शुक्रवार शाम खूब धमाल हुआ। राबड़ी के मायके के लोग तो पहले से ही आए हुए हैं। खफा चल रहे भाइयों साधु यादव एवं सुभाष यादव भी मान गए हैं। समारोह में उन्हें भी शिरकत करना है और शनिवार को मामा के रस्म (इमली घोटाई) को निभाना है। महिला संगीत एवं हल्दी के कार्यक्रम भी हुए। घर की महिलाओं ने मंगल गीत गाए। इससे पहले मेहंदी की रस्म हुई थी। तेजप्रताप की मां राबड़ी देवी और सभी बहनों ने महिला संगीत की मेजबानी की।