देश में अवैध रूप से आ रहे भारी मात्र में पटाखे

- मुख्य विस्फोटक नियंत्रक ने इस संबंध में जारी किए आदेश

DEHRADUN: राजधानी समेत पूरे प्रदेश में विदेशी पटाखों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी चल रही है। देश में अवैध रूप से भारी मात्रा में विदेशी पटाखे आने की सूचना के बाद मुख्य विस्फोटक नियंत्रक की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। इस क्रम में तमाम प्रदेशों में विदेशी पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। माना जा रहा है कि उत्तराखंड भी विदेशी पटाखों की बिक्री पर जल्द रोक लगा देगा।

चीन से आ रहे पटाखे

दीपावली पर प्रतिवर्ष अरबों रुपये के पटाखे जलाए जाते हैं। भारत में इसके बड़े बाजार को देखते हुए विदेशी कंपनियां भी भारत में पटाखे भेजी हैं। बीते कुछ वर्षो से भारत में बड़ी संख्या में अवैध पटाखे लाए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसमे सबसे अधिक पटाखे चीन से आने की सूचना है। पटाखों के इस अवैध कारोबार को देखते इस बार अवैध रूप से लाए गए पटाखों को प्रतिबंधित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में विभिन्न राज्य विदेशी आतिशबाजी बेचना प्रतिबंधित कर चुके हैं। सूत्रों की मानें तो शासन में भी विदेशी पटाखों को प्रतिबंधित करने के संबंध में पत्र भेजा जा चुका है। इस क्रम में यहां भी जल्द ही विदेशी पटाखों को प्रतिबंधित करने के निर्देश जारी हो सकते हैं। हालांकि, मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह ने फिलहाल इस प्रकार की किसी जानकारी से इन्कार किया है।