- टॉप 10 शहरों में उत्तर प्रदेश के सिर्फ झांसी शहर को मिली जगह

-विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के आधार पर की जाती है रैंकिंग

BARIELLY: केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने देश भर की स्मार्ट सिटी की रैंकिंग जारी कर दी। इस साल फरवरी मंथ के लिए जारी कुल 100 शहरों की रैंकिंग में बरेली शहर 89वें स्थान पर है। बरेली का स्कोर 4.2 रहा। महाराष्ट्र का नागपुर शहर पहले पादान पर है, जबकि पूर्वोत्तर का सिलवासा आखिरी स्थान पर। नागपुर को कुल 360.21 अंक मिले हैं, वहीं सिलवासा के खाते में शून्य अंक आया है। मध्य प्रदेश का भोपाल 329.32 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि झारखंड की राजधानी रांची 272.02 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर विराजमान है।

इस आधार पर रैंकिंग
देश के 100 शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन के आधार पर रैंकिंग की जाती है। इसमें जारी किए टेंडर, वर्क ऑर्डर और पूरे हुए विकास कार्यो के लिए अलग-अलग अंक दिए जाते हैं। जारी किए फंड के उपयोग के लिए भी अंक दिया जाता है। इन सारे अंकों को मिलाकर जिस शहर को जितने अंक मिलते हैं उसके आधार पर रैंकिंग निकाली जाती है।

यूपी के 11 शहर हैं शामिल
चोटी के 10 शहरों में सियासी रूप से सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के सिर्फ एक शहर को स्थान मिला है। 181.74 अंकों के साथ झांसी नौवें पादान पर है। प्रदेश की सांस्कृतिक नगरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी 12वें स्थान पर है, उसे 156.38 अंक मिले हैं। 154.11 अंकों के साथ कानपुर 13वें स्थान पर है। 137.6 अंक हासिल कर ताज नगरी आगरा 18वें स्थान पर विराजमान है। स्मार्ट सिटी मिशन में उत्तर प्रदेश के

कुल 11 शहर शामिल हैं। संगम नगरी इलाहाबाद 38वें तो नवाबों की नगरी लखनऊ 40वें स्थान पर है। इलाहाबाद को 74.5 और लखनऊ को 72.26 अंक मिले हैं।