>BAREILLY

विधानसभा चुनाव 2017 की जंग को जीतने के लिए सभी प्रत्याशी अपनी ताकत रणभूमि में झोंक दिए हैं। जनसंपर्क का आलम यह है कि आंख खुलते ही प्रत्याशी समर्थकों के साथ गांव की पगडंडियों पर चल पड़ रहे हैं। सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन के बाद बिथरी चैनपुर विधानसभा की सीट से सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, जिनकी पहचान राजनीति के धुरंधर खिलाडि़यों में है। वह अपने व्यवहारिक व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र की जनता की भी पसंद हैं। सभी लोगों को सम्मान और उनको साथ लेकर चलने की सोच रखने वाले वीरपाल सिंह यादव के एजेंडे में विकास के भी कई मुद्दे शामिल हैं। वह विकास और सम्मान के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन बिथरी चैनपुर की जनता इनको कितना पसंद करती है, यह तो मतगणना के बाद ही पता चल सकेगा। कानून व्यवस्था और विकास को प्रभावी बनाने के लिए उनके पिटारे में क्या कुछ है, इन्हीं बातों को जानने के लिए आई नेक्स्ट ने बात की, आइए पढ़ते हैं

---

सवाल: क्षेत्र के विकास को लेकर आपका क्या प्लान है।

वीरपाल सिंह:- बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक रेलवे लाइन के इस तरफ और दूसरा उस तरफ है। रेलवे लाइन के उस तरफ रामगंगा पर हमने सरकार से डैम बनवाने का प्रयास किया था जो आज पूर्ण होने की स्थित में है। इसके साथ रामगंगा के आसपास ग्रीन बेल्ट बनाने की योजना है, जिसमें करीब 10 किमी लंबा और एक किमी चौड़ाई में ग्रीन बेल्ट बनाने की योजना है। इससे शहर को भी विकास की रफ्तार मिलेगी। अभी शहर के आसपास कहीं ऐसी जगह नहीं है, जहां पब्लिक हरियाली का लुत्फ उठा सके। रामगंगा शहर से दूर भी नहीं है, वहां पर ग्रीन बेल्ट बनने के बाद शहर की जनता भी हरियाली का लुत्फ उठा सकेगी।

सवाल:-कितनी विधायक निधि किस मद में खर्च कर सकते हैं।

वीरपाल सिंह:- विधायक निधि केवल डेढ़ करोड़ रुपए एक साल में मिलती है। बहुत से विकास कार्य जो कि नगर पालिका, नगर निगम या जिला पंचायत द्वारा छूट जाते हैं, उन्हें कराना प्राथमिकता में रहेगा। जैसे कभी-कभी नगर पालिका द्वारा कुछ काम तो करा दिए जाते हैं और कुछ काम छोड़ दिया जाता है, जिससे आम पब्लिक को दिक्कत होती है। कोई भी ऐसी समस्या जिससे पब्लिक को दिक्कत होती है वह दूर करना मेरी प्राथमिकता में रहेगा, जिससे क्षेत्र में कहीं जलभराव और गंदगी न दिखे।

सवाल: विधायक निधि के अलावा आप और कहां से जनता के लिए फंड कलेक्ट कर सकते हैं।

वीरपाल सिंह:-विधायक निधि के अलावा यदि कहीं अधिक जरूरत पड़ती है तो उसके लिए समाज सेवियों की भी सहायता लूंगा। हमारी सरकार दोबारा सत्ता में आ रही है। फिलहाल विकास कार्यो के लिए बजट की कमी नहीं है। हमारी सरकार ने इस बार भी काफी काम किया है, जो सभी को दिख भी रहा है।

सवाल: विधानसभा में अपनी बात पहुंचाने का तरीका क्या रहेगा।

ीरपाल सिंह: विधायक तो चुने ही इसीलिए जाते हैं कि वह जनता की समस्या को सुन सकें और अपने क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में रख सकें। सदन में विधायक यदि अपनी बात ठीक से रखेगा तो उसकी जरूर सुनी जाएगी। विधायक बनने पर मैं किसानों, प्राइवेट मजदूरों की समस्याओं पर जरूर काम करूंगा। जिससे वह भी अपनी जीविका असानी से चला सके।

सवाल: कौन से कानून हैं, जिसकी मदद से आप क्षेत्र के नागरिकों की मदद कर सकते हैं।

वीरपाल सिंह: कानून बदलने का काम तो संसद और केन्द्र सरकार है। यूपी सरकार और विधायक का काम तो बनाए गए कानून का पालन कराना होता है। इसके साथ जनता को जो भी अधिकार दिए गए हैं, उनके लिए हमेशा तैयार रहूंगा। पुलिस को और प्रभावी बनाने का काम करूंगा।

सवाल: महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या विशेष योजना है, जिससे महिलाओं के साथ हो रहे अपराध पर अंकुश लग सके।

ीरपाल सिंह: महिला सुरक्षा के लिए हमारी सरकार ने 1090 योजना, डायल 100 योजना और महिलाओं के लिए अखिलेश जी ने कई योजनाओं को चलाया है। महिला सुरक्षा की बात करें तो महिलाओं के लिए जितनी योजनाएं हमारी सरकार ने चलाई है उतनी किसी सरकार ने नहीं चलाई। इसके साथ महिलाओं के उत्थान के लिए पेंशन योजना, कन्या विद्याधन, वृद्धावस्था पेंशन आदि सहित कई ऐसी योजनाएं चलाई हैं, जो महिलाओं के लिए काफी मददगार साबित हुई हैं। इन योजनाओं को कड़ाई से प्रभावी बनाने को लेकर काम करूंगा।

सवाल: क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए क्या खास प्लानिंग है।

वीरपाल सिंह: क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ही हमारी सरकार ने डायल 100 योजना लांच की थी, जिससे कि आम पब्लिक को तुरंत रिस्पांस मिल सके। बस जरूरत है इसे थोड़ा प्रभावी बनाने की। इस पर भी काम किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाने के लिए हम लोग भी कहीं न कहीं जिम्मेदार होते हैं, इसके लिए हम सीनियर सिटिजन और सामाजिक कार्यकताओं के भी टच में रहेंगे, जिससे कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस को भी मदद मिल सके।

सवाल: अगर किसी को आप तक अपनी बात पहुंचानी हो, शिकायत करनी हो, तो कैसे अपनी बात पहुचाएं।

ीरपाल सिंह: हम पब्लिक के हमेशा टच में रहते हैं, यह हमारी जनता भी अच्छी तरह से जानती है। हम सुबह 10 बजे से अपने आफिस में बैठते हैं, वहां भी आकर कोई मुझसे आसानी से मिल सकता है। इसके बाद गांवों में भी जाकर जनता की समस्याओं को सुनुंगा, तो वहां भी हमसे कोई आसानी से मिल सकता है। इसके बाद भी किसी को मुझसे मिलने में समस्या आती है तो वह किसी भी समय मुझे कॉल कर सकता है। विधायक जनता का प्रतिनिधि होता है, तो जनता अपनी समस्या के लिए मुझसे कभी और किसी भी समय मिल सकती है।

सवाल: आपके क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है। जिसे आप सबसे पहले सुधारना चाहेंगे।

ीरपाल सिंह: बिथरी चैनपुर क्षेत्र में दबंग और अपराधी राज कायम है। सबसे पहले इसे खत्म कर लोगों का खोया हुआ सम्मान वापस दिलाना मेरा पहला काम रहेगा। इसके साथ क्षेत्र का विकास और कानून व्यवस्था, युवाओं को रोजगार पर फोकस रहेगा। क्योंकि, क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा तभी क्षेत्र विकसित होगा।