- नगर निगम की बोर्ड मीटिंग में पास हुआ पुनरीक्षित बजट, दिसंबर लास्ट वीक तक शुरू होगा डेवलपमेंट वर्क

-डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, नई सड़कें और सीवर लाइन पर ज्यादा रहेगा फोकस

बरेली : 4.5 अरब रुपए से बरेली को 'स्मार्ट' बनाया जाएगा। सैटरडे को नगर निगम की बोर्ड मीटिंग में सबकी सहमति से डेवलपमेंट के लिए 4.5 अरब का बजट पास किया गया। मीटिंग में इस बार नई सड़कें, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और सीवर लाइन के डेवलपमेंट पर ज्यादा फोकस किया गया इसलिए इसके लिए ज्यादा बजट इश्यू किया गया। वहीं अधिकारियों के मुताबिक दिसंबर लास्ट वीक से डेवलपमेंट के सभी वर्क शुरू कर दिए जाएंगे। वहीं मेयर डॉ। उमेश गौतम ने कहा कि अगर कोई विभाग डेवलपमेंट वर्क शुरू करने में लापरवाही दिखाएगा तो उसके खिलाफ फौरन कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन और सभी पार्षद मौजूद रहे।

एक घंटा लेट शुरू हुई मीटिंग

बोर्ड मीटिंग के लिए दोपहर तीन बजे का समय निर्धारित किया गया था लेकिन तभी मेयर को दो दिन पहले पूर्व पार्षद हरीशंकर सिंह की रोड एक्सीडेंट में मौत की जानकारी दी जिस पर सभी ने 15 मिनट के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। इसके बाद करीब चार बजे मीटिंग शुरू की गई।

सरपट दौडें़गे वाहन

बोर्ड मीटिंग में इस बार खराब सड़कों पर ज्यादा फोकस किया गया है। 40 करोड़ का बजट नई सड़क बनाने और पैचिंग वर्क के लिए जारी किया गया है। इससे सभी वार्डो की मेन सड़कों समेत नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। पहले इसके लिए 25 करोड़ की सहमति बनी थी। लेकिन अब इसमें 15 करोड़ रुपए और एड किए गए हैं।

अगले हफ्ते से घर-घर उठेगा कूड़ा

बीते 6 महीने से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की टेंडर प्रक्रिया अधर में लटकी हुई थी। पिछले महीने कार्यकारिणी की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी। अब इस प्रक्रिया को जारी करने के लिए 5 करोड़ 50 लाख का बजट मिला है। अगले सप्ताह से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का का काम शुरू कर दिया जाएगा।

नाला सफाई के बजट में कटौती

नालों की सफाई के लिए एक करोड़ 70 लाख का बजट प्रस्तावित था, लेकिन पार्षदों का कहना था कि वित्तीय वर्ष के चार महीने ही बाकी बचे हैं। इस दौरान ज्यादा बारिश की संभावना भी नहीं है। इसलिए नाला सफाई के बजट में कटौती की जानी चाहिए। इस पर सर्वसम्मति से बजट में 20 लाख की कटौती करते हुए 1.50 लाख का बजट पास किया गया।

जगमग होंगी गलियां

शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और नई लाइटें लगाने के लिए तीन करोड़ का बजट बढ़ाया गया है। इसके अंतर्गत कई वार्ड में लाइटें लगाई जाएंगी। कार्यकारिणी बैठक में इस मद में एक करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया था, लेकिन सर्व सम्मति से इसको बढ़ाकर साढ़े चार करोड़ किया गया।

किस मद में कितना बजट पास

सड़क निर्माण - 40 करोड़

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन - 5 करोड़ 50 लाख

नजारत - एक करोड़ 60 लाख

सीवर लाइन व मरम्मत - तीन करोड़ 90 लाख

नाला सफाई - एक करोड़ 50 लाख

डीजल - 5 करोड़ 50 लाख

पथ प्रकाश - 4 करोड़ 50 लाख

कान्हा उपवन - 2 करोड़ 50 लाख

पार्क - 2 करोड़

निगम प्रशासन - 50 लाख

सर्वसम्मति से साढ़े चार सौ करोड़ का पुनरीक्षित बजट पास हुआ है। समस्त विभागों के प्रमुखों को तय समय सीमा में कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। उदासीनता बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-डॉ। उमेश गौतम, मेयर।