-कुंभ से पहले संगम किनारे अकबर के किले की दीवारों पर शुरू होगा लेजर शो

-पांच वर्षो तक अनवरत दिखेगी शो की भव्यता

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: संगम की रेती पर डेढ़ महीने के बाद कुंभ मेला शुरू हो जाएगा। दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेला को भव्यता प्रदान करने के लिए पहली बार लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। इसका विहंगम नजारा अकबर के किले की दीवारों पर दिखाई देगा। यहां लेजर शो के जरिए कुंभ के महात्म्य से लेकर प्रयागराज के पौराणिक व स्वतंत्रता आंदोलन के विराट स्वरूप का महत्व दर्शाने की योजना बनाई गई है। यह सिलसिला सिर्फ कुंभ मेला तक ही नहीं बल्कि पांच वर्ष तक अनवरत चलाने का भी निर्णय लिया गया है।

पच्चीस मिनट में हर खासियत

पर्यटन विभाग की ओर से कुंभ मेला की अवधि में किला की दीवारों पर मकर संक्रांति स्नान पर्व से लेकर महाशिवरात्रि स्नान पर्व तक लेजर शो का विहंगम नजारा दिखाया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन पच्चीस मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इसमें प्रयागराज के दर्शन, पौराणिक व धार्मिक महत्व के बारे में बताया जाएगा। जिसे हिन्दी व अंग्रेजी भाषा में प्रसारित किया जाएगा। इसमें आवाज देने के लिए बॉलीवुड के कई कलाकारों से बातचीत की जा रही है।

दीवार पर बनेगी स्क्रीन

लेजर शो का प्रदर्शन किला की दीवार पर किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने किला घाट के समीप स्थित किला की दीवार पर 35 फीट ऊंची और 55 फीट चौड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। खास बात है कि यह स्क्रीन इतनी बड़ी होगी कि एक किमी दूर खड़े व्यक्ति को भी आसानी से शो का आनंद मिल सकेगा। इसकी जिम्मेदारी नई दिल्ली की कंपनी पैन इन टेलीकॉम को सौंपी गई है।

सागर मंथन से लेकर साहित्य की गाथा

प्रयागराज धर्म-कर्म के साथ साहित्य, न्याय व स्वतंत्रता आंदोलन का केन्द्र रहा है। इसीलिए लेजर शो में कुंभ के महात्म्य के साथ इन सभी विषयों को शामिल किया गया है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव की मानें तो सागर मंथन से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन की लड़ाई को शो में शामिल करने का निर्णय मुख्यालय से लिया गया है।

कंपनी को पांच वर्ष की जिम्मेदारी

पर्यटन विभाग के लखनऊ मुख्यालय से लेजर शो के लिए नई दिल्ली की पैन इन टेलीकॉम कंपनी का चयन किया गया है। जिसे कुंभ मेला के समाप्त होने के बाद पांच वर्षो के लिए उसके संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेला समाप्त होने के बाद शो की थीम समय-समय पर बदलती भी जाएगी।

देश-दुनिया को कुंभ की महत्ता बताने के लिए लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है। जिस कंपनी का चयन किया गया है उसे पांच वर्षो तक शो के संचालन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। जनवरी के पहले सप्ताह में शो का ट्रायल किया जाएगा। उसके बाद पहले शाही स्नान पर्व से इसका शुभारंभ किला की दीवार पर किया जाएगा।

-दिनेश कुमार, उप निदेशक पर्यटन विभाग