कानपुर। बिहार में बाढ़ से इन दिनों हालात बेहद खराब हैं। इससे बिहार की राजधानी पटना सबसे ज्यादा प्रभावित है। नदियों के बढे जलस्तर से लोगों के बीच डर का माहौल पैदा हो गया है। इसी बीच भोजपुरी फिल्म के एक्टर्स और एक्ट्रेसों ने लोगों से बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की है और साथ ही बाढ़ राहतकोष में पैसा दान करने की अपनी इच्छा भी जाहिर की है। आइये, जानें पवन सिंह और खेसारी लाल यादव समेत तमाम भोजपुरी कलाकारों ने क्या कहा है...

खेसारी लाल यादव
भोजपुरी जगत के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने फेसबुक पर अपना एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह बिहार में आई बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद करने की बात कह रहे हैं। वह कह रहे हैं, 'मैं बाढ़ पीड़ितों की मदद करना चाहता हूं लेकिन पटना में पानी पूरा भर चुका है, इसलिए कुछ नहीं कर पा रहा हूं। मैं हर बार मुसीबत के समय में लोगों के साथ खड़ा रहने की कोशिश करता हूं। मैं बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेज चुका हूं। जिसको भी जरूरत होगी मैं आगे भी उसकी मदद करूंगा।' इसके साथ खेसारी ने सभी लोगों से बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील भी की।

 

पवन सिंह
भोजपुरी जगत के सुपरस्टार पवन सिंह ने बाढ़ को ध्यान में रखते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा है, 'बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पिछले एक हफ्ते से जब कभी इसके बारे में खबर सुनने या  देखने को मिलता है तो विचलित हो जाता है। इस मुश्किल समय में मैं जल्द अपने लोगों के बीच पहुंचने की कोशिश में हूं।'


आम्रपाली दुबे
भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मनोज बाजपेयी की एक पोस्ट को शेयर किया है। उस पोस्ट में लिखा गया है, 'प्रिय दोस्तों, बिहार को आपकी जरुरत है। सभी लोग बाढ़ पीड़ितों की मदद करें।' इसके साथ आम्रपाली ने लोगों से बाढ़ राहतकोष में पैसे दान करने की भी अपील की है।


अक्षरा सिंह
वहीं, भोजपुरी फिल्मों की पॉपुलर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने इंस्टाग्राम पर पटना में आई बाढ़ से पीड़ित लोगों की एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ लोगों से पीड़ितों की मदद की अपील करते हुए उन्होंने लिखा है, 'लोगों की मदद करने के लिए अपनी इच्छा के अनुसार दान करें। पहले की तरह बिहार को पुनर्जीवित करने के लिए हाथ मिलाएं।' इस पोस्ट में उन्होंने एक फोन नंबर भी शेयर किया है, जिसके जरिए लोग बाढ़ पीड़ितों के लिए पैसे दान कर सकते हैं।


काजल राघवानी
इसके अलावा भोजपुरी फिल्मों की पॉपुलर एक्ट्रेस काजल राघवानी ने भी अपने इंस्टाग्राम पर पटना में आई बाढ़ से पीड़ित लोगों की एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, 'जो बूंदें जिंदगी थीं, आज वही तबाही हैं। भगवान सबकी रक्षा करे। तिनका तिनका जोड़कर बनाते हैं एक छोटा सा आशियाना भगवान जी इतना कहर क्यों। मेरे पास इसके लिए कोई भी शब्द नहीं है।'

 

 

 

 

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk