- कटिहार का गैंग रांची में हो रहा सक्रिय
- शादी के सीजन से पहले धमकते हैं रांची में
- स्पेशल ब्रांच अलर्ट, चोरों का आतंक बढ़ा
बिहार के शातिर चोरों की राजधानी में जबरदस्त तरीके से तलाश की जा रही है। चोरों का यह गैंग रांची में एक बार फिर सक्रिय हो गया है। चोरों-ठगों का गिरोह आए दिन चेन छिनतई, बाइक चोरी, लोगों को मूर्ख बनाकर उनसे पैसे ठग रहा है। इन घटनाओं को देखते हुए रांची पुलिस गंभीर हो गई है और गिरोह के लोगों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। बिहार के कटिहार का गिरोह रांची में एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बिना हथियार के काम करने वाला ये गिरोह झपट्टा मार के रुपए छीनने, कार का शीशा तोड़ गहने उड़ाने, बाइक चोरी, चेन स्नेचिंग और नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने की घटनाओं में माहिर हैं।
कोढ़ा गैंग भी है सक्रिय
डोरंडा थाना क्षेत्र से दो वाहनों के शीशे तोड़कर लाखों की नकदी और गहने गायब हुए थे। इस मामले की जांच में जुटी रांची पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी हासिल हुई है। पुलिस जांच में ये पता चला है कि 2017 में रांची में लूटपाट के जरिए आतंक मचाने वाला बिहार के कटिहार का कोढ़ा गैंग फिर सक्रिय हो गया है। इनके साथ ही बिहार के चोर गैंग के कुछ अन्य लोगों को भी राजधानी में देखे जाने की सूचना है।
थानों को एसएसपी ने जारी किए निर्देश
हाल के दिनों में सोने की चेन छिनतई, बाइक चोरी, लोगों को मूर्ख बनाकर उनके पैसे गायब करना और कार का शीशा तोड़ कीमती सामान गायब करने में इसी गिरोह का हाथ है। रांची के सीनियर एसपी अनीश गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को इस गिरोह की गिरफ्तारी के लिए सभी थानेदारों को आवश्यक निर्देश दिए।
कटिहार का गैंग है एक्टिव
अपराध की दुनिया में बिहार के कटिहार का इलाका जाना पहचाना नाम है। इस इलाके में एनएच 31 के ठीक किनारे स्थित कस्बे के लोगों का काम ही चोरी करना है। रांची पुलिस ने इस इलाके में कई दफा छापामारी की है लेकिन गांव में केवल महिलाएं और बच्चे मिलते हैं। महिलाएं कीमती जेवर पहन कर घूमती नजर आती हैं। बिहार पुलिस भी इस गांव पर कार्रवाई करने से कतराती है। वहीं, बैंकों के अंदर और बाहर रेकी कर रुपए लूटना भी इस गिरोह की आदत में शुमार है।
क्या कहती है इनफार्मेशन
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रहकर राकेश नामक बदमाश इस गिरोह को ऑपरेट कर रहा है। गिरोह के बाकी सदस्य झारखंड-बिहार के विभिन्न जिलों में रहकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसके सदस्य हाई स्पीड बाइक की सवारी करते हैं और फिर लूट की घटना को बिना हथियार के अंजाम देते हैं।
शादी ब्याह के मौसम में ज्यादा एक्टिव
इस गिरोह के शातिर अपराधी शादी-ब्याह के सीजन में कुछ ज्यादा ही एक्टिव रहते हैं। दरअसल, इस समय लोग मार्केटिंग में व्यस्त रहते हैं। इस गिरोह के लोग वैसे लोगों पर नजर रखते हैं और मौका पाते ही उनके कीमती जेवर और दूसरे सामान चुरा कर या फिर लूट कर फरार हो जाते हैं।
वर्जन
रांची पुलिस को अपराधियों के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं। पुलिस हर प्वाइंट पर काम कर रही है और जल्द ही चोर गिरोह के लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अनीश गुप्ता, एसएसपी रांची