-सीरम इंस्टीट्यूट ने खड़े किए हाथ, कहा एक साथ आपूर्ति तत्काल संभव नहीं

PATNA: बड़ी उम्मीद और उत्साह के साथ 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों के वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ लेकिन एक मई से वैक्सीनेशन नहीं हो पाएगा। क्योंकि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने एक बार में राज्यों को वैक्सीन की आपूर्ति करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। राज्य को वैक्सीन की सप्लाई होने के बाद सरकार 18 से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन का फैसला लेगी और बाद में तिथि का एलान किया जाएगा।

एक करोड़ का ऑर्डर

राज्य स्वास्थ्य समिति के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर मनोज कुमार ने गुरुवार को जानकारी दी कि 18 से अधिक उम्र वालों का एक मई से वैक्सीनेशन करने का आदेश केंद्र सरकार की ओर से दिया गया था। जिसके बाद इस आयु वर्ग के लोगों की संख्या का आकलन किया गया। राज्य में 18-44 आयु वर्ग वालों की संख्या 5.47 करोड़ है। संख्या का अनुमान होने के बाद पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को एक करोड़ वैक्सीन का ऑर्डर किया गया।

दूसरे दिन भी हुआ रजिस्ट्रेशन

28 अप्रैल से 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों ने कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू है। दूसरे दिन यानि गुरुवार को भी रजिस्ट्रेशन इस उम्र वर्ग के लोगों ने किया। लेकिन जब यह जानकारी मिली कि अभी वैक्सीनेशन के लिए इंतजार करना होगा, तो थोड़ी मायूसी हुई।

पहले आंकलन फिर वैक्सीन

समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार के स्तर पर हाईलेवल मीटिंग हुई जिसमें तय हुआ है कि सभी राज्य 18-44 की उम्र की जनसंख्या का आकलन करेंगे। जिसकी जानकारी सीरम इंस्टीट्यूट को देंगे और इसी आधार पर वैक्सीन दी जाएगी। मनोज कुमार ने बताया केंद्र के निर्देश के बाद सभी जिलों के इम्युनाइजेशन अफसरों को आकलन का निर्देश दिया गया है। ऐसे में एक मई से वैक्सीनेशन शुरू नहीं हो पाएगा।

टीका मिलने पर तिथि की घोषणा

मनोज कुमार ने बताया कि वैक्सीन की डोज निर्धारित होने और प्राप्त होने के बाद 18-44 वालों के वैक्सीनेशन की नई तिथि का एलान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बीच 18-44 वालों का रजिस्ट्रेशन चलता रहेगा। लेकिन, रजिस्ट्रेशन करने वालों को सेंटर और टीकाकरण की संभावित तिथि की सूचना रजिस्ट्रेशन के वक्त नहीं मिल पाएगी।

45 से अधिक वालों का जारी

45-59 और 60 से अधिक उम्र वाले लोगों का वैक्सीनेशन पूर्व की तरह चलता रहेगा। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल करीब 15 सौ सेंटर पर टीकाकरण हो रहा है। 18-44 वालों के टीकाकरण के लिए कितने केंद्र नए बनाने पड़ेंगे इसका आकलन हो रहा है।

वैक्सीनेशन 70 लाख पार

राज्य में कोरोना का टीका लेने वालों का आंकड़ा 70 लाख के पार हो गया है। गुरुवार को राज्य में 87188 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। इनमें 52474 लोगों को टीके की पहली और 34714 को दूसरी डोज दी गई। राज्य स्वास्थ्य समिति के अनुसार गुरुवार को 45-59 उम्र के 30522 को पहली और 10189 के दूसरी डोज दी गई। जबकि 60 से अधिक उम्र वालों में 18315 को पहली और 22197 लोगों को दूसरी डोज दी गई। राज्य में अब तक 70,53,347 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें 59,16,145 लोगों को अब तक पहली और 11,37,202 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है।