-13489 लोगों ने 24 घंटे में कोरोना को हराया

PATNA: शुक्रवार को पटना जिले में 1912 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वस्थ्य होने वालों की संख्या सात दिनों में सबसे कम 982 दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनसार शुक्रवार को जिले में एक्टिव केस की संख्या गुरुवार की तुलना में घट गई। गुरुवार को एक्टिव केस 18320 पहुंच गए थे। शुक्रवार को यह आंकड़ा घटकर 17681 पहुंच गया।

पटना और आसपास के इलाके में कोरोना संक्रमण दर अप्रैल की तुलना मई के प्रथम सप्ताह में गिरी है। हालांकि स्वस्थ होने वालों की गति में भी कमी आई है। मई के पहले सप्ताह में पटना और आसपास में 14608 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। सात दिनों में औसत प्रति घंटे लगभग 110 नए मरीज मिले हैं। इस अवधि में स्वस्थ्य होने वालों की संख्या 13304 है। औसत प्रति घंटे 79 लोग स्वस्थ हो रहे हैं। अप्रैल में प्रति 20 सेकंड में नए संक्रमित और 30 सेकंड में स्वस्थ्य होने का रिकार्ड रहा है।

बिहार में 62 की हुई मौत

ज्ञात हो कि पटना समेत राज्य में थोड़ी राहत मिली है। फ्राइडे को बिहार में 13466 नए पॉजिटिव मिले। तीन दिनों के बाद संक्रमण के आंकड़ों में गिरावट आई है। इसके पूर्व 6 मई को 15126, 5 मई को 14836 तो 4 मई को 14794 संक्रमित मिले थे। संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 115066 है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो विगत 24 घंटे में कोरोना से 62 लोगों की जान गई है। जबकि करीब साढ़े 13 हजार लोग स्वस्थ भी हुए हैं। विभाग के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार मिलाकर राज्य में 1.07 लाख टेस्ट किए गए।

पटना व गया में थोड़ी राहत

पटना से शुक्रवार को राहत की खबर आई। यहां से कुल 1912 पॉजिटिव मिले हैं। इसके पूर्व गुरुवार को पटना से 3665 पॉजिटिव मिले थे। गया से भी आज कम संक्रमित मिले। यहां से 517 संक्रमित मिले। जबकि गुरुवार को गया से 752 पॉजिटिव मिले थे। इन दो जिलों के अलावा बेगूसराय से 488, भागलपुर से 512, मुंगेर से 603, मुजफ्फरपुर से 630, नालंदा से 548, पूर्णिया से 459, सारण से 509, सुपौल से 513, वैशाली से 509 और पश्चिम चंपारण से 537 संक्रमित मिले।

मौत के आंकड़े भी कम हुए

स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की वजह से राज्य में 62 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। इस लिहाज से कोरोना से शुक्रवार को कम जानें गई है। इसके पूर्व गुरुवार को संक्रमण ने 90 लोगों की जान ली थी। बता दें कि राज्य में विगत एक वर्ष में कोरोना संक्रमण की वजह से अब तक 3139 लोगों की जान जा चुकी है।

13 हजार लोग हुए स्वस्थ

शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार विगत 24 घंटे में 13489 लोगों ने कोरोना को पराजित करने में सफलता हासिल की है। आज जितने पॉजिटिव मिले उसके अनुपात में स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा है। विगत एक वर्ष के दौरान 4.49 लाख लोग कोरोना को हराने में सफल रहे हैं।