-महिला बोगियों में यात्रा करने वालों के खिलाफ चला अभियान

PATNA

: पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में लंबी दूरी के साथ-साथ सवारी गाडि़यों के महिला बोगियों में बैठकर पुरुष यात्रा करते हैं। इससे महिला यात्रियों को काफी परेशानी होती है। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से मंगलवार को पूर्व मध्य रेल क्षेत्र के सभी पांचों मंडलों में एक साथ महिला बोगियों में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ ऑपरेशन डिग्निटी नाम से अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ ने पांचों मंडलों से 299 पुरुष यात्रियों को महिला बोगियों में यात्रा करते गिरफ्तार किया। इनमें से अधिकांश यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट की अदालत से जुर्माना लेकर छोड़ दिया गया। दानापुर मंडल के पटना जंक्शन, राजेन्द्र नगर टर्मिनल, दानापुर एवं पाटलिपुत्र जंक्शन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान अकेले पटना जंक्शन व राजेन्द्र नगर टर्मिनल से 50 से अधिक पुरुष यात्रियों को महिला बोगियों में यात्रा करते हुए पकड़ा गया।