-पौने चार लाख रुपए बरामद, दो स्कॉर्पियो और दो बाइक बरामद

AURANGABAD: औरंगाबाद के दाउदनगर के जिनोरिया इंडियन बैंक लूटकांड में पुलिस ने गिरोह के तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लुटेरों में गया जिले के डोभी थाना के अमारुत गांव निवासी मो। नेसार, इमामगंज के सुरेंद्र पासवान व बाराचट्टी थाना के खरेने गांव निवासी छोटू उर्फ विनोद कुमार शामिल हैं। मो। नेसार और छोटू की गिरफ्तारी उसके घर से एवं सुरेंद्र की झारखंड के पलामू जिले के रेहला से की गई है। निशानदेही पर पुलिस ने बैंक से लूटे गए करीब 64 लाख 64 हजार में तीन लाख 74 हजार और घटना में प्रयुक्त दो बाइक, दो स्कॉर्पियो, एक जेसीबी मशीन व तीन मोबाइल को बरामद किया गया है।

30 जुलाई को हुई थी बैंक में लूट

प्रभारी एसपी पंकज कुमार ने बताया कि बैंक लूट में कुल 12 लुटेरे शामिल थे। नौ लुटेरे बैंक के अंदर थे। तीन वाहन के पास थे। दस लुटेरों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तार के अलावा घटना में शामिल अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना का खुलासा वैज्ञानिक अनुसंधान से किया गया है। बैंक लूटकांड में बिहार एवं झारखंड के लुटेरों का गिरोह शामिल है। बैंककर्मियों की भूमिका की भी जांच चल रही है। लुटेरों ने 30 जुलाई को बैंक से 64 लाख 64 हजार रुपये लूटे थे। निजी सुरक्षा गार्ड को चाकू से हमला कर घायल कर दिया था।