PATNA: राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश समेत बिहार से राज्यसभा के सभी पांचों प्रत्याशियों को बुधवार को निर्विरोध चुन लिया गया। कई मंत्रियों की मौजूदगी में हरिवंश के अलावा जदयू से रामनाथ ठाकुर, राजद के प्रेमचंद गुप्ता एवं अमरेंद्र धारी सिंह और भाजपा के विवेक ठाकुर को प्रमाण पत्र दे दिया गया। अब राज्यसभा में जदयू एवं राजद सदस्यों की संख्या पांच-पांच हो जाएगी।

मतदान का मौका नहीं

भाजपा के विवेक ठाकुर और राजद के अमरेंद्र धारी सिंह राज्यसभा के लिए पहली बार चुने गए हैं। हरिवंश और रामनाथ ठाकुर की यह दूसरी पारी है। प्रेमचंद गुप्ता अबकी पांचवी बार चुने गए हैं। बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें नौ अप्रैल को खाली हो रही हैं, जिनके लिए 26 मार्च को चुनाव होना था। किंतु खाली होने वाली सीटों की संख्या के बराबर ही प्रत्याशी होने के चलते मतदान का मौका नहीं आया। अब सभी राज्यसभा में शपथ ग्रहण करेंगे।