फरवरी के पहले सप्ताह से सभी जिलों में चलेगा बाल श्रम मुक्त अभियान

श्रम संसाधन विभाग ने सभी जिलों में प्रखंड और पंचायत स्तर पर श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन के लिए कैंप लगाकर अभियान चलाने का निर्देश सभी श्रम अधीक्षकों को दिया गया है। सभी जिलों के विभागीय अफसरों को हर पंचायत में सौ-सौ श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही जिलों को बालश्रम मुक्त बनाने पर अफसरों को पुरस्कृत किया जाएगा।

पहले चरण में 7 जिले

विभाग के प्रधान सचिव दीपक सिंह ने बताया कि बिहार के सभी जिलों में श्रमिकों के पंजीकरण के अलावा बाल श्रम मुक्त अभियान के पहले चरण में पटना, गया, लखीसराय, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और मुंगेर को शामिल किया गया है। इन जिलों के शहरी क्षेत्र में बालश्रम मुक्त अभियान चलाया जाएगा।

बाल श्रमिकों का होगा पुनर्वास

विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि अभियान के दौरान जितने भी बाल श्रमिक मुक्त कराए जाएंगे उनका पुनर्वास किया जाएगा। इसमें अन्य विभागों की भी मदद ली जाएगी। मुक्त बाल श्रमिकों को तत्काल 3 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 हजार रुपए उसके नाम बैंक में फिक्स किया जाएगा।