पटना (ब्यूरो)। देश मे कोरोना टीकाकरण अभियान का एक साल पूरा हो गया। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए 16 जनवरी, 2021 को ही इस व्यापक टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई थी। इस एक वर्ष की कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत लगभग 10,69,47,548 खुराकें दी जा चुकी हैं। बिहार में रविवार को भी 1,41,508 से अधिक टीके की खुराकें दी गईं। स्वास्थ्य विभाग बिहार के अनुसार, राज्य का टीकाकरण कार्यक्रम देश में सबसे सफल अभियानों में से एक रहा है। इस वर्ष के पहले दिन, राज्य ने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कर 10 करोड़ के लक्ष्य हासिल किया जो अपने आप मे एक मील का पत्थर है। रविवार को शाम 6:15 बजे तक राज्य भर में 10 करोड़ 70 लाख से अधिक लोगों को टीके दिए जा चुके हैं।

27.6 लाख किशोरों को टीका
स्वास्थ्य कार्यकर्ता टीकाकरण अभियान के अगले चरण के लिए तैयार थे, जो 3 जनवरी से 15-17 वर्ष के आयु वर्ग के किशोरों के लिए शुरू हुआ था। अब तक राज्य के लगभग 27.6 लाख किशोरों को पहली खुराक मिल चुकी है। इसके अलावा, बिहार ने ओमिक्रॉन वैरिएंट से लडऩे के लिए 10 जनवरी से स्वास्थ्य सेवा और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के साथ साथ 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को कोविड वैक्सीन की एक एहतियाती खुराक भी दी है। डैशबोर्ड के अनुसार, राज्य में रविवार तक 2.2 लाख से अधिक बूस्टर डोज लोगों को दी जा चुकी हैं। जानकारी हो कि टीकाकरण अभियान के पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का टीकाकरण 2 फरवरी से शुरू हुआ। टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ।

16 लाख से अधिक को दोनों डोज मिल चुके
बिहार में राजधानी पटना में टीकाकरण अभियान सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है। कोविन होटल के मुताबिक पटना में दोनों डोज प्राप्त कर चुके लोगों का आंकड़ा 16 लाख से अधिक है। रविवार शाम 6:15 बजे तक 16,77, 394 लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी थी। रविवार को यहां 21,710 लोगों को बूस्टर डोज दी गई।

पटना में टीकाकरण
16 जनवरी तक (शाम 6:15 बजे)
पटना में टोटल वैक्सीनेशन 3360550
दोनों डोज प्राप्त कर चुके 1677394
15 से 17 वर्ष के बीच वैक्सीनेशन (रविवार को) 537537
बूस्टर डोज (रविवार को) 71028
60 वर्ष से अधिक को बूस्टर डोज 52259
पहले डोज 3910304
दूसरी डोज 3221335
बूस्टर डोज 21710
(सभी आंकड़े कोविन पोर्टल से प्राप्त)