- गायघाट पर ऑटो चालकों ने किया प्रदर्शन, पैसेंजर्स को जबरन उतारा

PATNA :

पेट्रोल व डीजल का दाम घटाने और किराया बढ़ाने की मांग को लेकर ऑटो चालकों ने गुरुवार को पूरब दरवाजा और गायघाट में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अशोक राजपथ पर आते-जाते ऑटो से जबरन यात्रियों को उतरवाया। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। विरोध करने वाले चालक के साथ हाथापाई भी हो गई।

पुलिस पर भी भड़के

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ भी आक्रोश व्यक्त किया। इनका कहना था कि जांच के नाम पर पुलिस परमिट के साथ सभी कागजात की मांग करती है। दिखाने पर भी वह अधिक राशि का जुर्माना लगाने की बात कह डराती-धमकाती है। बचने के लिए पुलिस की मुट्ठी गरम करनी पड़ती है। चालक सुधीर, राजू, सोनू, विकास आदि ने बताया कि बहुत चालकों को अभी तक परमिट नहीं मिला है। लॉकडाउन में कमाई नहीं हुई फिर भी गाड़ी की किस्त अदा करनी पड़ी। तेल की बढ़ी कीमत को देखते हुए अधिक भाड़ा बढ़ने से ही उनकी स्थिति सुधर पाएगी।