पटना(ब्यूरो)। संभलकर चलिए। शहर में जगह-जगह मैनहोल खुले है। इसमें गिरकर आप चोटिल भी हो सकते हैं। कई स्थानों पर मैनहोल, कैचपट और बाक्स नाला क्षतिग्रस्त है। एसकेपुरी पार्क सटे उत्तर तरफ की सड़क में खुले मैनहोल में जगह-जगह बांस डाला गया है। सावधानी हटते ही दुर्घटना घट सकती है। बोङ्क्षरग रोड की एक लेन बंद होने के कारण इस रोड में वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

मुख्य सड़क पर गड्ढ़ा
इंद्रपुरी रोड संख्या चार में खतरनाक मैनहोल है। इसी तरह वार्ड सात, आठ सहित कई वार्डों में मैनहोल खुले हैं। बारिश पूर्व मरम्मत नहीं होने पर स्थिति भयावह हो सकती है। पाटलिपुत्र गोलंबर के पास बॉक्स नाला टूटा हुआ है। साईंमंदिर से पाटलिपुत्र गोलंबर की तरफ जाने पर मुख्य सड़क पर गड्ढ़ा बन गया है। यहां वाहन दुर्घटना की लगातार आशंका बनी रहती है। सड़क के बराबर में ढक्कन नहीं लगने के कारण ऐसी स्थिति बन गई है। पाटलिपुत्र इंडस्ट्रीयल एरिया के परिवेश भवन रोड में मैनहोल खुला रहने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

सुरक्षित बनेंगे मैनहोल
पटना नगर निगम की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिभा सिन्हा ने बताया कि बारिश के पूर्व सभी मैनहोल-कैचपीट पर ढक्कन लगा दिए जाएंगे। वार्डों में मैनहोल की सफाई चल रही है। इस कारण कई स्थानों पर ढक्कन हटाए गए हैं। नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर सभी अंचल सर्वे कराए हैं। क्षतिग्रस्त मैनहोल, कैचपीट का जीपीएस सहित तस्वीर उपलब्ध कराई गई है। शहर के सभी मैनहोल को सुरक्षित बनाया जाएगा। कार्य योजना बन गई है। निगम अपने प्राथिमकता में यह कार्य लिया है।