-आंकड़ा चार करोड़ पार, 16.33 लाख लगे कोविड के टीके

- वैक्सीनेशन के लिए सक्रिय किए गए 9352 केंद्र

- अब तक 4.10 करोड़ को दिए जा चुके हैं टीके

PATNA: राज्य में कोविड टीकाकरण का आंकड़ा चार करोड़ के पार पहुंच गया है। सोमवार को एक बार फिर महाभियान चलाकर महज 12 घंटे में करीब 16.33 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के मामले में बिहार का स्थान देर में दूसरा रहा। पहले स्थान पर सोमवार को भी उत्तर प्रदेश रहा, जहां 31.62 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया।

प्राइवेट हॉस्पिटल में भी सेंटर

समाचार लिखे जाने तक सिर्फ 3.79 लाख लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। जबकि करीब 12 लाख को वैक्सीन की पहली डोज। कोविन पोर्टल पर रात साढ़े नौ बजे तक अपलोड आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सोमवार को 9352 सेंटर सक्रिय किए गए थे। इनमें से 11 सेंटर प्राइवेट अस्पतालों में थे। महाभियान सुबह नौ बजे प्रारंभ हुआ और यह देर रात तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान 16.33 लाख लोगों को टीके दिए गए। इनमें 12.53 लोगों ने पहली और 3.79 लोगों ने दूसरी डोज ली।

अगस्त में भी चला था महाभियान

राज्य में अब टीकाकरण का आंकड़ा 4.10 करोड़ के पार पहुंच गया है। इनमें करीब 3.40 करोड़ ने पहला व 69.98 लाख ने दूसरा टीका लिया है। इसके पहले स्वास्थ्य विभाग ने 31 अगस्त को भी महाभियान चलाया था। 31 अगस्त को चले महाभियान के दौरान एक दिन में 27,21,787 लोगों को कोविड के टीके दिए गए। इनमें 23,30,671 पहली डोज और 3,91,116 को दूसरी डोज दी गई थी।