पटना ब्‍यूरो । इंडियन एसोसिएशन ऑफ एम्यूजमेंट पार्क एंड इंडस्ट्रीज (आईएएपीआई) के 22 वें एम्यूजमेंट एक्सपो में भाग लेने के लिए बिहार पर्यटन की टीम इन दिनों मुंबई में है। बिहार में वैशाली और मुंगेर के भीमबांध में एम्यूजमेंट पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। इस हेतु अध्ययन और विश्वभर से आए विशेषज्ञों से फीडबैक के लिए श्री अभिजीत कुमार, महाप्रबंधक, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के नेतृत्व में बिहार पर्यटन की टीम मुंबई में आयोजित हो रहे एक्सपो में भाग ले रही है। एक्सपो में बिहार में दो एम्यूजमेंट पार्क निर्माण हेतु बड़े व्यवसायियों को निवेश हेतु प्रोत्साहित और आकर्षित किया जा रहा है। इसके साथ ही बिहार की नयी पर्यटन नीति के इन्सेंटिव्स की भी जानकारी पर्यटन उद्योग से जुड़े निवेशकों को दी जा रही है। बिहार पहली बार इस तरह के किसी आयोजन में भाग ले रहा है। 27 से 29 फरवरी 2024 तक बॉम्बे प्रदर्शनी केंद्र, मुंबई में आयोजित हो रही यह प्रदर्शनी भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और एमएसएमई मंत्रालय द्वारा समर्थित है। यह प्रदर्शनी भारत में यात्रा और मनोरंजन के लिए इस बढ़ते उद्योग मनोरंजन पार्क, थीम पार्क, वॉटर पार्क आदि के बारे जानकारी साझा करने हेतु नवप्रवर्तकों और हितधारकों को एक ही छत के नीचे लाता है। एक्सपो अत्याधुनिक उत्पादों, सेवाओं और प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है। एक्सपो में भारत के विभिन्न राज्यों से 165 से अधिक प्रदर्शक और ऑस्ट्रेलिया, बुल्गारिया, कनाडा, चीन, दुबई (यूएई), जर्मनी, हांगकांग, इटली, लिकटेंस्टीन, फिलीपींस, रूस, सिंगापुर, यूनाइटेड किंगडम और संयु1त राज्य अमेरिका से 35 विदेशी कंपनियां शामिल हो रही हैं।