-दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की पड़ताल में खुलासा, 10 हजार के ऑक्सीजन सिलेंडर 25 से 30 हजार रुपए में बिक रहे

-मनमानी कीमत वसूल रहे सिलेंडर बेचने वाले दुकानदार

-एकाएक डिमांड बढ़ने से बढ़ी सिलेंडर की कीमत

PATNA: सरकार के दावों के बीच राजधानी में कोरोना संक्रमित पेशेंट के लिए अब भी ऑक्सीजन की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो पा रही है। इसका फायदा ऑक्सीजन सिलेंडर बेचने वाले कारोबारी उठा रहे है। हर कारोबारी अपनी मर्जी से कीमत वसूल रहे हैं। ऑक्सीजन के लिए मनमानी कीमत वसूले की शिकायत मिलने के बाद दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने कई एजेंसी और कारोबारियों से ऑक्सीजन सिलेंडर की कीमत पूछी। हर कारोबारियों ने अपनी कीमत तय कर रखी है। एक ऑक्सीजन सिलेंडर की कीमत 25 से 35 हजार रुपए तक मांगी जा रही है। जबकि आम दिनों में यह 10 से 12 हजार रुपए में मिल जाते थे।

रिफिलिंग में भी मनमानी

शहर में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पेशेंट की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। लेकिन ऑक्सीजन की सप्लाई डिमांड के अनुसार नहीं हो पा रही है। इसी का फायदा उठाते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर की रिफिलिंग करने वाले दो हजार रुपए तक वसूल रहे है। वहीं आम दिनों ने 3 से 4 सौ रुपए लगते थे।

इसलिए बढ़ी डिमांड

डॉक्टरों का मानना है कि शहर में काफी संख्या में लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्हें दवा तो मिल जा रही है। लेकिन जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन का सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। होम आइसोलेशन वाले मरीजों को इमरजेंसी में ऑक्सीजन की जरूरत न पड़ जाए, इसलिए लोग सिलेंडर को खरीदकर घरों में रख रहे हैं। इस कारण ऑक्सीजन सिंलेंडर की डिमांड बढ़ गई है।

डॉक्टर भी खड़े कर रहे हाथ

कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस से पटना में पेशेंट को बेड उपल?ध नहीं हो पा रहा है। ऑक्सीजन की कमी की वजह से नए पेशेंट को एडमिट करने से डॉक्टर मना कर रहे हैं। वहीं, कई नर्सिग होम के संचालकों का कहना है कि ऑक्सीजन को छोड़कर हमारे पास सब व्यवस्था है। अगर कोई ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ पेशेंट को लेकर आता है तो हम उसे एडमिट कर लेंगे। हॉस्पिटल प्रशासन से बातचीत करने पर पता चला कि फिलहाल ऑक्सीजन की जितनी सप्लाई हो रही है। उसकी तुलना में लगभग सात गुना सिलेंडर की जरूरत है। यही स्थिति रही हालत बेकाबू हो सकते हैं।

कानूनी कार्रवाई की मांग

कोरोना महामारी के बीच ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर पटनाइट्स में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि ऑक्सीजन सिलेंडर की मनमानी कीमत वसूलने वालों के खिलाफ सरकार को कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। राजीव नगर के रहने वाले सूर्यकांत दूबे ने बताया कि आपदा के समय में लोगों से नजायज वसूली की जा रही है। लोग कोरोना संक्रमण के बीच ऑक्सीजन के बिना मर रहे हैं। लेकिन किसी को इस पर लगाम लगाने की सुध नहीं है। वहीं, इंद्रपुरी रोड नंबर दो के रहने वाले दीपक ने बताया कि घर में उनकी मां और पत्‍‌नी कोरोना संक्रमित हैं। मां के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर लेने के लिए गोविंद मित्रा रोड गया था। कई दुकान घूमने के बाद एक जगह ऑक्सीजन सिलेंडर मिला। मजबूरी में मुझे मुंहमांगी कीमत देनी पड़ी। प्रशासन को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।