PATNA: अचानक से बढ़ी ठंड ने लोगों को दिन में भी अलाव जलाने पर मजबूर कर दिया है। स्थिति यह है कि पिछले 6-7 से दिनों में सूबे के लोगों के लिए अस्सी हजार किलो की लकड़ी का अलाव जलाया गया है। ठंड को देखते हुए पटना के 234 प्वाइंट पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार शीतलहर के प्रकोप से प्रभावित लोगों की संख्या 42.06 लाख पर पहुंच गई है। विभाग के स्तर पर अलाव की व्यवस्था के लिए सभी अड़तीस जिलों के डीएम को कुल 28 लाख रुपए आपदा प्रबंधन विभाग ने आवंटित किए हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारियों को यह अधिकार दिया गया है कि वे शीतलहर को ध्यान में रख अपने स्तर से अलाव जलाने का स्थान तय कर सकते हैं। कुछ जिलों में शीतलहर से प्रभावित लोगों के बीच सरकार की ओर से अब तक 1358 कंबल बांटे गए हैं।

-चौदह सौ प्वाइंट पर जले अलाव

आपदा प्रबंधन ने अलाव के संबंध में जिलावार जो सूचना हासिल की है उसके अनुसार पूरे सूबे में 1431 जगहों पर अभी अलाव जलाए जा रहे हैं। सबसे अधिक 234 प्वाइंट पटना जिले में हैं जहां अलाव जलाए जा रहे हैं। नालंदा में 86, भोजपुर 50, गया 65, भागलपुर 65, मुजफ्फरपुर 45, पूर्वी चंपारण 62, सारण 94, नवादा 44, दरभंगा 84, पूर्णिया 84 व सिवान में 61 प्वाइंट अलाव जलाया जा रहा है। गोपालगंज, वैशाली, मधुबनी, अरवल, औरंगाबाद, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण में एक भी जगह अलाव नहीं जल रहे हैं।

-दरभंगा में लाखों लोग प्रभावित

शीतलहर से सूबे में 42.06 लाख लोग प्रभावित हैं और इसमें सबसे अधिक प्रभावित दरभंगा जिले के हैं। कटिहार में 1.93 लाख तथा नालंदा में 1.35 लाख लोग शीतलहर से प्रभावित है। पटना में शीतलहर है पर प्रभावित लोगों की संख्या अभी रिपोर्ट नहीं हुई है।