पटना (ब्यूरो)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना के वार्षिक टेक्नो मैनेजमेंट फेस्ट अन्वेषा के दूसरे दिन शनिवार को सत्र का शुभारंभ इंटरैक्टिव टाक से हुआ। इसमें करियर पर विशेषज्ञ और छात्रों ने मंथन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह आईआईटी दिल्ली, हावर्ड बिजनेस स्कूल व पेंसिलवेनिया यूनिवर्सिटी के पूर्ववर्ती छात्र जयंत सिन्हा ने छात्रों से संवाद किया। उन्होंने जीवन में थ्री-सी के महत्व को साझा किया। कहा, करियर की सफलता तीन ÓसीÓ अर्थात कामपिटेंसी (क्षमता), कैरेक्टर (चरित्र) तथा कंपैशन (करुणा) पर टिकी है। उन्होंने कहा कि वह अपनी सफलता का इसे ही मूलमंत्र मानते हैं। जीवन में सब कुछ हासिल कीजिए, लेकिन उसका प्रयोग करुणा के साथ कीजिए। चरित्र से समझौता करने पर सफलता देर तक नहीं टिकती। जीवन में ऐसे कई मौके आएंगे जब चरित्र का टेस्ट होता है। चरित्र सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, मूल्यों और स्वाभिमान से बनता है। जीवन में क्षमता विकास का कभी अंत नहीं होता। नई तकनीक व ज्ञान से खुद को हमेशा अपडेट करते रहने की जरूरत है।

ऊंची मंजिल की पहली शर्त है मजबूत बुनियाद
जयंत सिन्हा ने कहा कि छात्र जीवन में ही बुनियाद को मजबूत किया जाता है। भविष्य पर बुनियाद को न टालें। जितनी ऊंची मंजिल की अभिलाषा रखते हैं, बुनियाद को उतना ही मजबूत करना होगा। उन्होंने छात्रों को पैकेज और पैशन में समन्वय का रास्ता भी बताया। कहा, आनंद को प्राथमिकता देने पर पैकेज भी साथ हो जाएगा। हर क्षेत्र में बेहतर करने की असीम संभावनाएं हैं। भारत तेजी से विकास कर रहा है, छात्र इसका लाभ उठाएं।

अभिनय में भी छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
इंटरैक्टिव टाक के बाद छात्र-छात्राओं ने एकल अभिनय में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सतंज टैंट्रम बैंड ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। एनीमेकान इवेंट में कासप्ले प्रतियोगिता और क्विज का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने रचनामत्क कौशल का परिचय दिया। ग्रैफिटी वर्कशाप में स्प्रे पेंङ्क्षटग, ÓÓनाट सो लेमÓÓ क्विज में सामान्य ज्ञान और ट्रिविया कौशल का परीक्षण किया गया। शाम में ईडीएम नाइट में सभी प्रतिभागी संगीत के धुनों पर थिरकते दिखे।

आखिरी दिन रहेगा प्रो नाइट का जलवा
अन्वेषा 2023 के आखिरी दिन रविवार को डांस वर्कशाप, मैदान-ए-जंग, मूवी स्क्रीङ्क्षनग, गेस्ट लेक्चर और बॉलीवुड नाइट में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के आखिरी सत्र में प्रो नाइट का आयोजन होगा। जिसमें सनम बैंड का लाइव परफार्मेंस होगा।