CHAPRA/SIWAN/PATNA: छपरा मंडल जेल में गुरुवार को नहाय खाय के साथ 17 महिलाओं समेत 34 कैदियों ने शुभारंभ किया। कैदियों द्वारा अ‌र्घ्य देकर सूर्योपासना का त्योहार पूरी श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया जायेगा। छठ पूजा की तैयारी जेल प्रशासन ने की है। सभी बंदियों को इसके लिए संसाधन उपलब्ध कराया गया है। जेल अधीक्षक मनोज सिन्हा ने बताया कि मंडल जेल में व्रती बंदियों को छठ पूजा करने के लिए पूजन सामग्री व नया वस्त्र उपलब्ध कराया गया है। कारा के अंदर स्थित तालाब की सफाई तथा सजावट की भी व्यवस्था जेल प्रशासन की ओर से की गई है। मंडल कारा के अंदर ही सरोवर में अ‌र्घ्य दान किया जाएगा। व्रत करने वाले बंदियों के सेवा सत्कार के लिए दूसरे बंदी तैयार हैं। श्रद्धा व आस्था के प्रतीक इस पर्व के मद्देनजर बंदियों को शुद्धता व पवित्रता के साथ भोजन के अलावा पूजा अर्चना के लिए पकवान तैयार करने की व्यवस्था की गई है।

छठ घाट का निर्माण

जबकि सिवान मंडल जेल में सात पुरुष व 18 महिलाओं समेत कुल 25 सजायफ्ता बंदियों ने छठ व्रत शुरू किया है। जेल अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि महिला व पुरुष वार्ड में अस्थाई छठ घाट का निर्माण किया गया है।